उद्योग

एयर इंडिया क्रैश जांच में बड़ा कदम: भारतीय टीम वॉशिंगटन में NTSB संग करेगी डेटा रिव्यू, सबूतों पर होगा मंथन

इस मीटिंग में भारतीय पक्ष अपनी तरफ से मिली जानकारियां साझा करेगा, जिसमें कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर से निकले अहम सबूत भी शामिल होंगे

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- December 06, 2025 | 8:39 PM IST

जून में अहमदाबाद से उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गए एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान हादसे की जांच को लेकर भारत और अमेरिका के जांचकर्ता अब आमने-सामने आने वाले हैं। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले हफ्ते भारतीय जांच टीम अमेरिका जाएगी और वहां नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ अब तक इकट्ठा हुए सभी डेटा की समीक्षा करेगी।

इस मीटिंग में भारतीय पक्ष अपनी तरफ से मिली जानकारियां साझा करेगा, जिसमें कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर से निकले अहम सबूत भी शामिल होंगे। भारत की एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) इस पूरे हादसे की जांच की अगुवाई कर रही है, जिसमें बोइंग कंपनी के इस विमान में सवार 241 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान गई थी।

बैठक अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में NTSB के हेडक्वार्टर में होगी। नाम न छापने की शर्त पर एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग को बताया कि जांच से जुड़े दूसरे पक्षों के नुमाइंदे, जिनमें बोइंग कंपनी के लोग भी शामिल हैं, वहां मौजूद रहेंगे।

Also Read: विमानन सुरक्षा उल्लंघन: DGCA जांच में एयर इंडिया के अधिकारियों को डी-रोस्टर किया गया

जांच में तनाव की खबरें

यह मीटिंग ऐसे समय हो रही है जब दोनों देशों के जांचकर्ताओं के बीच हादसे की जांच को लेकर कुछ तनाव की खबरें सामने आई हैं। भारतीय पायलट यूनियनों ने साफ तौर पर इस बात का विरोध किया है कि हादसे का ठीकरा पायलटों के सिर फोड़ा जाए।

प्रारंभिक रिपोर्ट में सामने आया था कि अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद हो गए, जिससे दोनों इंजन की पावर चली गई और विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि करीब 10 सेकंड बाद स्विच दोबारा चालू किए गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

जांच अभी पूरी नहीं हुई है और कोई अंतिम नतीजा नहीं निकला है, लेकिन कुछ बातें सामने आने लगी हैं। कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर में युवा को-पायलट की आवाज दर्ज हुई है, जो उस वक्त विमान उड़ा रहा था। उसने अनुभवी कैप्टन से पूछा कि फ्यूल स्विच क्यों बंद किए। कैप्टन ने इससे इनकार किया।

AAIB ने लोगों से अपील की है कि अंतिम रिपोर्ट आने तक कोई जल्दबाजी में निष्कर्ष न निकालें। ज्यादा जानकारी तब सामने आएगी जब AAIB अपनी पूरी रिपोर्ट जारी करेगा।

न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग को NTSB के प्रवक्ता ने कहा कि उनके पास इस वक्त कोई जानकारी साझा करने को नहीं है और सारे सवाल भारतीय अधिकारियों से पूछे जाएं। बोइंग कंपनी ने भी सभी सवाल AAIB को भेज दिए। AAIB और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अभी कोई जवाब नहीं दिया है।

First Published : December 6, 2025 | 8:39 PM IST