घरेलू हवाई यातायात साल के अंत तक सामान्य होने के आसार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 9:06 AM IST

बोइंग का मानना है कि घरेलू हवाई यातायात वर्ष 2021 के अंत तक कोविड से पहले जैसी स्थिति में आने की संभावना है। बोइंग इंडिया के अध्यक्ष सलिल गुप्ते ने आज कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात हालांकि 2023 तक ही पूरी तरह पटरी पर लौट पाएगा।
गुप्ते ने कहा, ‘हमारे ग्राहक सर्कता के साथ मांग सुधरने को लेकर आशान्वित हैं।’ दोस्तों और संबंधियों के यहां जाने संबंधित यात्रा सेगमेंट से वर्ष 2021 में भारत में वृद्घि की रफ्तार मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि वहीं बिजनेस यात्रा खंड भी अन्य बाजारों के मुकाबले भारत में जल्द सामान्य हो जाएगा।
कोविड-19 महामारी की वजह से दो महीने के लॉकडाउन और परिचालन सीमित रखे जाने की वजह से 2020 में घरेलू हवाई यातायात 2019 के मुकाबले घटकर आधा रह गया था। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइनों को 80 प्रतिशत क्षमता के साथ परिचालन की अनुमति दी है। जहां हवाई अब हर महीने बढ़ रहा है, वहीं उद्योग आधारित लोड फैक्टर्स 70 प्रतिशत के आसपास बना हुआ है। 737 मैक्स विमान को हटाए जाने के सवाल पर गुप्ते ने कहा कि बोइंग इस मुद्दे पर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के साथ चर्चा कर रही है।उन्होंने कहा कि इसे सेवा में वापस लिए जाने के बारे में निर्णय डीजीसीए की सहमति पर आधारित होगा।
स्पाइसजेट अपने बेड़े में बोइंग 737 मैक्स और 13 तरह के विमानों के साथ परिचालन करने वाली एकमात्र एयरलाइन है। कुल मिलाकर उसने 205 बोइंग 737 मैक्स विमानों का ऑर्डर दिया है।
इस सप्ताह के शुरू में यूरोपीय विमानन सुरक्षा नियामक ने विमान के परिचालन को हरी झंडी दी थी।

First Published : January 28, 2021 | 11:09 PM IST