बजट

Budget 2026: लड़कियों को वित्त मंत्री का बड़ा तोहफा, हर जिले में एक गर्ल हॉस्टल की होगी स्थापना

बजट 2026 में सरकार द्वारा छात्राओं की शिक्षा सुगम बनाने हेतु प्रत्येक जिले में एक गर्ल हॉस्टल की स्थापना किए जाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- February 01, 2026 | 12:11 PM IST

Budget 2026 Girl Hostel Scheme: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अब लोकसभा में अपना लगातार नौवां बजट पेश कर रही हैं। यह भाजपा-नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल का तीसरा बजट हैं, जिसे वैश्विक अनिश्चितताओं और निर्यात में सुस्ती के बीच पेश किया जा रहा है। बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि अगले वित्त वर्ष का यह बजट ‘युवाशक्ति’ से प्रेरित है और तीन कर्तव्यों पर आधारित है। वित्त मंत्री ने अपने भाषण में लड़कियों को बड़ा तोहफा देते हुए हर जिले में एक गर्ल हॉस्टल की स्थापना की बात कही है। वित्त मंत्री ने कहा कि इससे लड़कियों की शिक्षा में बड़ा सुधार आएगा।

बजट की अन्य दूसरी जरूरी बातें:

कॉर्पोरेट बॉन्ड पर टोटल रिटर्न स्वैप होगा पेश: वित्त मंत्री ने कहा कहा कि कॉर्पोरेट बॉन्ड पर टोटल रिटर्न स्वैप पेश किए जाएंगे। म्युनिसिपल बॉन्ड बाजार को बढ़ावा देने के लिए, मौजूदा अमृत योजना के आधार पर, ₹1,000 करोड़ से अधिक के एक बॉन्ड जारी करने पर बड़े शहरों को ₹100 करोड़ का प्रोत्साहन दिया जाएगा।

सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के प्रस्तावित: मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी के बीच नया हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के डानकुनी के लिए एक नए फ्रेट कॉरिडोर का ऐलान किया गया है।

सेमी कंडक्टर के लिए 40 हजार करोड़: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में सेमीकंडक्टर सेक्टर पर खास जोर दिया। उन्होंने सेमीकंडक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा की। वित्त मंत्री ने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर मिशन पर अपना फोकस और मजबूत करेगा। इसके तहत देश में ही मशीनें और जरूरी उपकरण बनाने की क्षमता विकसित की जाएगी और एक अलग व मजबूत सप्लाई चेन तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल जैसे खनिजों से भरपूर राज्यों की भूमिका अहम होगी, क्योंकि यहां दुर्लभ पृथ्वी खनिजों तक पहुंच संभव है।

Also Read: Budget 2026 Live: मैन्युफैक्चरिंग पर वित्त मंत्री सीतारमण का फोकस; रेयर अर्थ और चिप्स को मिलेगा बूस्ट

जरूरी दवाएं होंगी सस्ती: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में कहा कि देश में बायो-फार्मा सेक्टर के विकास से कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। उन्होंने 10 हजार करोड़ रुपये के एक SME ग्रोथ फंड की भी घोषणा की। सीतारमण ने बताया कि सरकार भविष्य में ज्यादा नौकरियां पैदा करने और तय मानदंडों के आधार पर उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए यह अलग से 10 हजार करोड़ रुपये का SME ग्रोथ फंड शुरू करने का प्रस्ताव लाई है।

खादी और हस्तशिल्प टेक्सटाइल इंडस्ट्री पर फोकस: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में खादी और हस्तशिल्प टेक्सटाइल सेक्टर को मजबूत करने के लिए नई योजनाओं का ऐलान किया। उन्होंने टेक्सटाइल लेबर इंसेंटिव स्कीम और नेशनल हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट्स प्रोग्राम की घोषणा की। वित्त मंत्री ने बताया कि चैलेंज मोड में मेगा टेक्सटाइल पार्क बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खादी और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए एक खास योजना तैयार की गई है, जिसके तहत महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल शुरू की जाएगी।

First Published : February 1, 2026 | 11:43 AM IST