इस्लामाबाद, 25 सितंबर,:भाषा: अग्यात उग्रवादियों ने पाकिस्तान के मोहमंद जनजातीय इलाके में कल देर रात एक छोटे बांध पर हमला किया और आज सुबह तीन कर्मचारियों की हत्या कर दी एवं चार अन्य का अपहरण कर लिया।
सुरक्षा सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि उग्रवादियों ने सात कर्मचारियों को घायल भी कर दिया।
उन्होंने बताया कि इलाके के हलीमजई क्षेत्र में एक बांध पर करीब 12 उग्रवादियों ने देर रात डेढ़ बजे हमला किया और खुदाई की मशीन एवं बांध के निर्माण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अन्य उपकरणों को आग लगा दी।
उग्रवादियों ने सुबह करीब साढ़े सात बजे निर्माण स्थल से आ रहे एक ठेकेदार के वाहन में विस्फोट किया, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।