AI Impact Summit 2026: आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावहारिक इस्तेमाल पर फोकस कर रहा है। इसमें एंटरप्राइज प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य, कृषि और जलवायु परिवर्तन जैसी बड़े स्तर की चुनौतियों के समाधान शामिल हैं।
एआई इम्पैक्ट समिट में एक रिसर्च संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मंत्री ने मंगलवार को हुए एआई एक्सपो में युवाओं की मजबूत भागीदारी और उनके उत्साह पर भी खुशी जताई। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी क्षेत्र में करीब 2.5 लाख लोग शामिल हुए, जिनमें ज्यादातर की उम्र 30 साल से कम थी।
वैष्णव ने कहा, “जब मैंने युवा दिमागों से बातचीत की तो प्रतिक्रिया शानदार थी। मैं यह देखकर बहुत हैरान हुआ कि ज्यादातर युवा इस मौके को लेकर कितने आशावादी थे, जो उनके लिए आ रहा है।” उन्होंने कहा कि उन्हें भारत और दुनिया के लिए एक बिल्कुल नए भविष्य की उम्मीद महसूस हो रही है।
यह भी पढ़ें: AI Impact Summit 2026: PM बोले- लाभ सभी तक पहुंचे, सिर्फ शुरुआती उपयोगकर्ताओं तक सीमित न रहें
उन्होंने कहा कि हम भारत में एज पर एआई, यूज केस के लिए एआई, असली दुनिया की समस्याओं को हल करने के लिए एआई, एंटरप्राइज में प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए एआई और स्वास्थ्य, कृषि, जलवायु परिवर्तन जैसी बड़े स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए एआई पर बहुत फोकस कर रहे हैं। भारत में हम इन्हीं चीजों पर ध्यान दे रहे हैं। और एआई समिट वह मौका लेकर आया है।
केंद्रीय मंत्री ने संगोष्ठी में मौजूद लोगों से कहा कि वे AI को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस और व्यावहारिक सुझाव दें। AI एक बेहतरीन टूल है और इसका इस्तेमाल इंसानों के फायदे के लिए होना चाहिए। India AI Impact Summit 2026 में नीति निर्माता, उद्योग जगत के नेता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए हैं। नई दिल्ली में इस दौरान एआई इनोवेशन, गवर्नेंस और वास्तविक उपयोगों पर चर्चा चल रही है।