facebookmetapixel
Advertisement
Editorial: कनेक्टेड कारों पर बढ़ा साइबर हमलों का खतरासुरक्षित भोजन के लिए कड़े मानकों की जरूरत, एंटीबायोटिक और कीटनाशक पर सख्त निगरानी जरूरीराज्यों की वित्तीय सेहत पर दबाव, केरल-तमिलनाडु के श्वेत पत्र ने राजकोषीय सुधार की जरूरत दिखाईराज्यों के टैक्स और रॉयल्टी से महंगा होगा लौह अयस्क, स्टील उत्पादन लागत बढ़ने के संकेत: SAIL चेयरमैनअमेरिका-ईरान तनाव से कच्चे तेल में उछाल, कीमतें 5% चढ़कर दो हफ्ते के हाई पर पहुंची ट्रंप के बयान से सोने में गिरावट, महंगाई व ब्याज दर बढ़ने की आशंका से बढ़ा दबावSEBI का बड़ा फैसला: FPI और FVCI अब रुपये में जमा कर सकेंगे शुल्क, नए नियम 6 महीने बाद होंगे लागूरुपये में एक महीने की सबसे बड़ी एकदिवसीय गिरावट, बॉन्ड यील्ड में उछालAI एजेंट भी कर सकेंगे UPI पर लेनदेन! NPCI तैयार करेगा यूनिफाइड एजेंट प्रोटोकॉलRBI की FCNR(B) योजना में 60 अरब डॉलर जुटाने की उम्मीद, विदेशी बैंकों की निवेश सीमा बनेगी अहम फैक्टर

निर्यात का फर्राटा भर बाइक बाजार में अव्वल बनी बजाज

Advertisement
Last Updated- December 12, 2022 | 5:15 AM IST

बजाज ऑटो शानदार निर्यात की बदौलत अप्रैल में देश की सबसे बड़ी मोटरसाइकल विनिर्माता कंपनी बन गई है। कंपनी ने अप्रैल में कुल 3,48,173 बाइक बेचीं, जिनमें 2,21,603 का निर्यात किया गया। कंपनी पल्सर और डिस्कवर जैसे लोकप्रिय ब्रांड की बाइक बनाती है।
कंपनी को लगता है कि अगने कुछ महीनों में भी निर्यात में मजबूती बनी रहेगी। हालांकि महामारी की दूसरी लहर के कारण लगे प्रतिबंधों और लॉकडाउन की वजह से देसी बाजार में कंपनी के एक चौथाई शोरूम बंद हैं। मगर उसका अनुमान है कि आगामी महीनों के दौरान विदेशी बाजारों में औसत मासिक बिक्री दो लाख इकाई से अधिक रहेगी। पिछले वित्त वर्ष में बजाज ऑटो को निर्यात से 12,687 करोड़ रुपये की आय हुई। उसकी 52 फीसदी बाइक 79 देशों को निर्यात हुईं।
अप्रैल में बजाज ऑटो की कुल बिक्री हीरो मोटोकॉर्प से मामूली ज्यादा रही। हीरो मोटोकॉर्प ने अप्रैल में 3,39,329 दोपहिया बेचे। हीरो ने पिछले महीने एक सप्ताह के लिए संयंत्र बंद किया था, जिससे बजाज को बढ़त बनाने में मदद मिली। हीरो ने शनिवार को एक बयान में कहा कि कंपनी ने देश में कोविड-19 का प्रसार देखते हुए खुद ही 22 अप्रैल से 1 मई तक कारखाना बंद कर दिया था।
रिलायंस सिक्योरिटीज में अनुसंधान प्रमुख मितुल शाह का अनुमान है कि देसी बाजार में दोपहिया की बिक्री पर दबाव रहेगा। उन्होंने कहा, ‘स्थानीय लॉकडाउन की वजह से दोपहिया वाहन कंपनियों की घरेलू बिक्री कमजोर रहने के आसार हैं। हमारा अनुमान है कि अन्य कई राज्यों के वायरस का प्रसार रोकने के लिए लॉकडाउन लगाने से मई में भी बिक्री कमजोर रहेगी।’ उन्होंने कहा कि मई में बिक्री अप्रैल से भी कम रह सकती है। देश का एक बड़ा हिस्सा बंद है, इसलिए अप्रैल में ज्यादातर दोपहिया विनिर्माता कंपनियों की बिक्री मार्च के मुकाबले कम रही है। शाह ने कहा कि घरेलू बाजार में हालात ठीक नहीं हैं, इसलिए बजाज और टीवीएस मोटर जैसी कंपनियों के लिए निर्यात पर जोर देना सही रहेगा।
टीवीएस मोटर का निर्यात भी बढ़ा है। कंपनी ने अप्रैल में 2,26,193 इकाई बेची थीं, जिनमें से 94,807 दोपहिया का निर्यात हुआ। पिछले साल अप्रैल में कंपनी ने महज 8,134 दोपहिया का निर्यात किया था। लेकिन इस साल के आंकड़ों की पिछले साल से तुलना नहीं की जा सकती क्योंकि पिछले साल 25 मार्च से 21 दिन के लिए देशव्यापी लॉकडाउन लगा था।
अब तक केवल देसी बाजार पर जोर देने वाली होंडा मोटरसाइकल ऐंड स्कूटर इंडिया का निर्यात भी बढ़ा है। कंपनी ने एक योजना बनाई है, जिसमें विदेश में कारोबार के विस्तार पर नए सिरे से जोर दिया जा रहा है। उसने 42,945 दोपहिया का निर्यात किया। इस तरह 36 महीने में पहली बार उसने 40,000 का आंकड़ा पार किया है।
होंडा मोटरसाइकल ऐंड स्कूटर इंडिया के निदेशक (बिक्री एवं विपणन) यादविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा, ‘अप्रैल की शुरुआत से क्षेत्रीय लॉकडाउन के कारण उपभोक्ता रुझान काफी कमजोर पड़ा है। हालांकि आवागमन के निजी साधनों की अब भी जरूरत है, लेकिन सुधार आने में कुछ महीनों की देरी हो सकती है क्योंकि घर पर सुरक्षित रहना सबकी प्राथमिकता है।’ होंडा ने कोविड महामारी की भयावह स्थिति को मद्देनजर रखते हुए अपने कारखाने 15 दिन के लिए बंद कर दिए हैं।

Advertisement
First Published - May 3, 2021 | 11:18 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement