Categories: लेख

कैटरीना पर फिदा हैं हिंदुस्तानी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 08, 2022 | 8:40 AM IST

बॉलीवुड में अपने पैर जमा चुकीं खूबसूरत अदाकारा कैटरीना कैफ को देश में इंटरनेट पर सबसे ज्यादा सर्च किया जाता है।


अगर आर्थिक शब्दावली की बात करें तो मौजूदा माहौल में मंदी को इंटरनेट पर सबसे ज्यादा सर्च नहीं किया गया। हिंदुस्तानियों को मंदी के बजाय ‘वजन कैसे घटाएं’ में ज्यादा दिलचस्पी है।

और अभी भी गोवा ज्यादातर लोगों की पसंदीदा जगह बनी हुई है। सर्च इंजन गूगल के जरिये यह बात सामने आई है कि इस साल सर्च में यही सब छाए रहे।

दूसरी इंडियन जेटजीस्ट रिपोर्ट (वैश्विक स्तर पर इस रिपोर्ट को आते-आते 9 साल हो गए हैं।) में भारत में नेट उपयोगकर्ताओं ने इंटरनेट पर जो सर्च किया उसके हिसाब से इस रिपोर्ट में साल भर के बड़े आयोजन और नये ट्रेंड्स भी शामिल हैं।

गूगल इंडिया के प्रोडक्ट्स हेड विनय गोयल कहते हैं, ‘हमने इस साल अलग-अलग श्रेणियों में इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले भारतीयों की लोकप्रिय सर्च की सूची तैयार की है। अलग-अलग तरह के लोग इंटरनेट पर अलग-अलग तरह की चीजें पसंद करते हैं।

हमनें जो सूची तैयार की है उसमें अलग-अलग श्रेणी के भारतीय इंटरनेट उपभोक्ताओं का सही प्रतिनिधित्व मिलता है। मोबाइल की लोकप्रियता को देखते हुए हमनें इस साल मोबाइल सर्च को भी इसमें शामिल किया है।  ‘

2008 की रिपोर्ट को तैयार करते वक्त गूगल ने इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले भारतीयों की अलग-अलग रुचियों का विश्लेषण किया है। इसमें कई अलग-अलग वर्ग और श्रेणियां बांटी गईं।

मसलन, इसमें बॉलीवुड सेलेब्रिटीज, छुट्टियों के लिए बेहतरीन जगह जैसी श्रेणियों में विश्लेषण किया गया। इसके अलावा भारत में सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले 10 शब्दों की भी श्रेणी तैयार की गई है।

इस रिपोर्ट को तैयार करने में 2008 की सबसे ज्यादा लोकप्रिय सर्च की रैंकिंग की पिछले साल यानी 2007 की तुलना में रैंकिंग की तुलना में बढ़ी लोकप्रियता को पैमाना बनाया गया है। इस साल पहली बार मोबाइल से होने वाली सर्च को भी इसमें शामिल किया गया है।

गूगल की इस लिस्ट में अगर शख्सियत के तौर पर कैटरीना कैफ आगे रहीं वहीं यूटयूब इस सूची में सबसे अव्वल रही। इस साल हुए पेइचिंग ओलंपिक इस लिहाज से आठवें पायदान पर आते हैं।

जबकि इस साल धूम मचाने वाली आईपीएल भी इस फेहरिस्त में दसवें पायदान पर आने में कामयाब रही। जहां तक लोकप्रिय सर्च की बात है तो इस लिहाज से ऑर्कुट सबसे आगे रहा।

भारतीय रेल को भी लोकप्रिय सर्च में से एक है। जहां तक बॉलीवुड सेलेब्रिटीज की बात है तो इस बार ऐश्वर्य राय बच्चन को, कैटरीना कैफ से मात मिली है।

बॉलीवुड के अभिनेताओं की बात करें तो सलमान खान सबसे ज्यादा लोकप्रिय हैं जबकि किंग खान यानी शाहरुख खान इसमें आठवें स्थान पर आते हैं।

हैरानी की बात है कि इसमें न तो अमिताभ बच्चन हैं और न ही अभिषेक बच्चन। इस रिपोर्ट में एक और बात सामने आई है कि क्रिकेट को पसंद करने वाले देश में टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को सबसे ज्यादा सर्च किया जाता है।

सचिन तेंदुलकर इसमें दूसरे पायदान पर हैं तो महाबली खली आठवें पर। राजनेताओं में अभी भी महात्मा गांधी ही अपना दबदबा बनाए हुए हैं।

इस सूची में राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी हैं। जबकि राज ठाकरे और सारा पालिन भी इस सूची में मौजूद हैं। अगर फिल्मों की बात करें तो आशुतोष गोवारीकर की ‘जोधा अकबर’ इस फेहरिस्त में अव्वल रही।

First Published : December 10, 2008 | 9:40 PM IST