वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री ने अच्छा प्रदर्शन किया। शेयर बाजार में तेजी और निवेशकों की रुचि बने रहने से इंडस्ट्री को सपोर्ट मिला। हालांकि बाजार में उतार-चढ़ाव रहा, फिर भी कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली।
इस तिमाही में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में शुद्ध निवेश घटकर करीब 1.2 लाख करोड़ रुपये रह गया, जो पिछली तिमाही और पिछले साल की समान अवधि से कम है। इसके बावजूद निवेशकों का भरोसा बना रहा। खासतौर पर फ्लेक्सी-कैप और मिड-कैप फंड्स में अच्छी दिलचस्पी दिखी, जिससे साफ है कि निवेशक लंबी अवधि के ग्रोथ वाले विकल्पों को तरजीह दे रहे हैं।
Also Read: ONGC, Oil India और BPCL क्यों बन रहे हैं ब्रोकरेज के फेवरेट? रिपोर्ट में 10% अपसाइड का संकेत
SIP निवेश की रफ्तार इस तिमाही में भी मजबूत बनी रही। हर महीने औसतन करीब 30 हजार करोड़ रुपये SIP के जरिए आए। SIP अकाउंट्स की संख्या बढ़कर 10.11 करोड़ हो गई है। दिसंबर 2025 तक SIP के जरिए निवेश की गई कुल रकम 16.6 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई, जो अब कुल इक्विटी AUM का 34 फीसदी हिस्सा बन चुकी है। यह दिखाता है कि छोटे निवेशक बाजार में लंबे समय के लिए टिके हुए हैं।
पूरी म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का QAAUM तिमाही आधार पर 5 फीसदी और सालाना आधार पर 18 फीसदी बढ़कर 81 लाख करोड़ रुपये हो गया। लिस्टेड एसेट मैनेजमेंट कंपनियों का AUM भी 12 से 23 फीसदी तक बढ़ा। इस मामले में निप्पॉन AMC और IPRU AMC सबसे आगे रहीं, जबकि UTI AMC और ABSL AMC की ग्रोथ अपेक्षाकृत कमजोर रही।
इस तिमाही में निप्पॉन AMC ने अपनी बाजार हिस्सेदारी और मजबूत की, जबकि HDFC AMC की हिस्सेदारी लगभग स्थिर रही। इसके उलट UTI AMC और ABSL AMC को बाजार हिस्सेदारी में नुकसान उठाना पड़ा। इक्विटी फंड सेगमेंट में IPRU AMC अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए सबसे बड़ी कंपनी बनी रही।
AMC कंपनियों की ऑपरेशनल इनकम तिमाही आधार पर 1 से 7 फीसदी और सालाना आधार पर 5 से 23 फीसदी तक बढ़ी। बाजार की मजबूती का फायदा दूसरी आमदनी पर भी पड़ा। हालांकि यील्ड में थोड़ी नरमी आई, फिर भी ज्यादातर कंपनियों का मुनाफा बढ़ा। UTI AMC को छोड़कर बाकी सभी कंपनियों ने सालाना आधार पर बेहतर नतीजे दिखाए।
सेंट्रम ब्रोकरेज ने म्यूचुअल फंड कंपनियों पर अपनी BUY रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज के मुताबिक, ICICI प्रूडेंशियल AMC का मौजूदा भाव ₹2,932 है और इसका टारगेट प्राइस ₹3,467 रखा गया है, जो करीब 18% की तेजी का संकेत देता है। HDFC AMC के शेयर में सबसे मजबूत संभावनाएं दिखती हैं, जहां मौजूदा कीमत ₹2,570 से बढ़कर ₹3,220 तक जाने की उम्मीद है, यानी करीब 25% का अपसाइड।
निप्पॉन AMC के लिए ब्रोकरेज ने ₹1,050 का टारगेट दिया है, जो मौजूदा भाव ₹862 से करीब 22% की बढ़त दिखाता है। वहीं, आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC (ABSL AMC) में ₹777 से ₹925 तक जाने की संभावना है, यानी करीब 19% का रिटर्न। UTI AMC को भी BUY रेटिंग मिली है और इसका टारगेट ₹1,278 रखा गया है, जो मौजूदा भाव ₹998 से करीब 28% की संभावित तेजी को दर्शाता है।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।