अर्थव्यवस्था

सर्विसेज पीएमआई जनवरी में बढ़कर 58.5 पर पहुंचा, डिमांड और भर्ती बढ़ने से मिली मजबूती

Services PMI: एचएसबीसी इंडिया सर्विसेज परचेज़िंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) दिसंबर 2025 में 58.0 से मामूली बढ़कर जनवरी में 58.5 पर पहुंच गया।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 04, 2026 | 11:26 AM IST

India Services PMI January 2026: भारत के सर्विस सेक्टर में जनवरी में भी विस्तार दर्ज किया गया। मांग में मजबूती, नए कारोबार में बढ़ोतरी और तकनीक में निवेश के चलते कुल वृद्धि मजबूत बनी रही। एचएसबीसी इंडिया सर्विसेज परचेज़िंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) दिसंबर 2025 में 58.0 से मामूली बढ़कर जनवरी में 58.5 पर पहुंच गया। इंडेक्स 50 के तटस्थ स्तर से काफी ऊपर रहा। यह विस्तार और कॉन्ट्रेक्शन के बीच के अंतर को दर्शाता है।

एचएसबीसी में भारत के मुख्य अर्थशास्त्री प्रणजुल भंडारी ने कहा, ”जनवरी में भारत का Services PMI 58.5 पर पहुंच गया, जो दिसंबर के 58.0 के मुकाबले अधिक है और यह क्षेत्र में निरंतर गति का संकेत देता है। उत्पादन में मजबूत वृद्धि नए ऑर्डरों की लगातार आमद से हुई। इसमें दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया से बढ़ी अंतरराष्ट्रीय मांग भी शामिल है।”

उन्होंने कहा, ”एफिशियंसी में सुधार, प्रभावी मार्केटिंग और नए ग्राहकों के जुड़ने से कारोबारी भरोसा तीन महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया। हालांकि इनपुट और आउटपुट कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। लेकिन ऐतिहासिक मानकों के लिहाज़ से यह अभी भी काफी सीमित है। जनवरी में कंपोज़िट पीएमआई में भी मजबूती आई। यह मेन्यूफेक्चरिंग और सर्विस दोनों सेक्टर में ठोस मांग वृद्धि को दर्शाता है।”

मेन्यूफेक्चरिंग पीएमआई में सुधार

भारत का मेन्यूफेक्चरिंग सेक्टर जनवरी में भी विस्तार करता रहा। एचएसबीसी मैन्युफैक्चरिंग परचेज़िंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) दिसंबर 2025 के 55.0 के मुकाबले जनवरी में मामूली बढ़कर 55.4 पर पहुंच गया।

यह सुधार दिसंबर 2025 में मौसमी समायोजन के बाद पीएमआई के दो साल के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद देखने को मिला, जो परिचालन स्थितियों में बेहतर सुधार का संकेत देता है। हालांकि, यह आंकड़ा जनवरी के अंत में जारी किए गए फ्लैश अनुमान 56.8 से कम रहा, लेकिन यह अब भी दीर्घकालिक औसत से ऊपर बना हुआ है।

First Published : February 4, 2026 | 11:17 AM IST