बाजार

Navratna कंपनी का बड़ा ऐलान! शेयरधारकों को 2.50 रुपये का डिविडेंड, जानिए रिकॉर्ड डेट

Q3 नतीजों के साथ NMDC ने शेयरधारकों को राहत दी, मुनाफा घटने के बावजूद 2.50 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड का ऐलान

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 04, 2026 | 7:56 AM IST

NMDC Dividend: देश की सबसे बड़ी आयरन ओर उत्पादक कंपनी NMDC ने 3 फरवरी को दिसंबर तिमाही (Q3FY26) के वित्तीय नतीजे जारी किए। कंपनी का शुद्ध मुनाफा इस तिमाही में घटकर 1,747 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 1,896 करोड़ रुपये था। यानी सालाना आधार पर मुनाफे में करीब 8 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। कंपनी के अनुसार, ऑपरेटिंग खर्च बढ़ने से मुनाफे पर दबाव पड़ा।

कमाई में मजबूती, 16 फीसदी की बढ़त

हालांकि, मुनाफा घटने के बावजूद NMDC की कुल आय में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। दिसंबर तिमाही में कंपनी की ऑपरेशंस से कमाई बढ़कर 7,610 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 6,567 करोड़ रुपये थी। इस तरह सालाना आधार पर कंपनी की कमाई में 16 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।

ऑपरेटिंग मुनाफा और मार्जिन में गिरावट

ऑपरेटिंग स्तर पर भी कंपनी का प्रदर्शन दबाव में रहा। NMDC का EBITDA घटकर 2,144.3 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 2,372 करोड़ रुपये था। इसके साथ ही कंपनी का EBITDA मार्जिन भी सालाना आधार पर 790 बेसिस प्वाइंट घटकर 28.2 फीसदी पर आ गया।

NMDC Dividend: शेयरधारकों के लिए राहत, 2.50 रुपये का अंतरिम डिविडेंड

तिमाही नतीजों के साथ NMDC ने अपने शेयरधारकों को राहत की खबर दी है। कंपनी ने 2.50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इस डिविडेंड के लिए 13 फरवरी 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। रिकॉर्ड डेट तक जिन निवेशकों के नाम कंपनी के रजिस्टर में होंगे, उन्हें यह डिविडेंड मिलेगा।

महत्वपूर्ण खनिजों के लिए नई सहायक कंपनी

NMDC ने भविष्य की रणनीति के तहत एक अहम फैसला भी लिया है। कंपनी के बोर्ड ने महत्वपूर्ण खनिजों की खोज, खरीद और उत्पादन पर ध्यान देने के लिए एक पूरी तरह से स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। हालांकि, इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए इस्पात मंत्रालय, DIPAM और अन्य संबंधित प्राधिकरणों की मंजूरी जरूरी होगी।

NMDC शेयर का हाल

शेयर बाजार में NMDC के शेयर मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को 81.62 रुपये पर बंद हुए, जो पिछले बंद भाव से मामूली ऊपर रहा। कारोबारी सत्र के दौरान शेयर 84.13 रुपये के उच्च स्तर और 80.79 रुपये के निचले स्तर के बीच झूलता नजर आया। NMDC BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है और कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 71,759 करोड़ रुपये है।

First Published : February 4, 2026 | 7:49 AM IST