भारत

दीपिंदर गोयल का खुला न्योता, पुराने Zomato कर्मचारियों से बोले वापस आ जाइए

X पर भावुक पोस्ट के जरिए दीपिंदर गोयल ने पुराने कर्मचारियों को Eternal में लौटने का न्योता दिया, सोशल मीडिया पर फैसले को लेकर तेज बहस

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- February 04, 2026 | 8:26 AM IST

जोमैटो के फाउंडर Deepinder Goyal के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने स्टार्टअप और टेक इंडस्ट्री में चर्चा तेज कर दी है। X पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने पूर्व कर्मचारियों को कंपनी में दोबारा लौटने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने खुद जोमैटो छोड़ा हो या उनसे जाने को कहा गया हो, तो भी वे उन्हें वापस आने के लिए आमंत्रित करते हैं।

‘हर किसी के लिए सही नहीं था माहौल’: Deepinder Goyal

Deepinder Goyal ने माना कि एक समय जोमैटो का काम करने का माहौल हर किसी के लिए सही नहीं था। लीडरशिप, काम का दबाव और अव्यवस्था कई लोगों के लिए चुनौती बनी। लेकिन उन्होंने कहा कि समय के साथ कंपनी भी बदली है और उन्होंने खुद भी बहुत कुछ सीखा है।

गोयल के मुताबिक आज Eternal में 400 से ज्यादा ऐसे कर्मचारी हैं जो दूसरी या तीसरी बार कंपनी में काम कर रहे हैं और इनमें से कई लोग अब अपना सबसे अच्छा काम कर रहे हैं।

पोस्ट में गोयल ने यह भी कहा कि भले ही अब वह Eternal के CEO नहीं हैं, लेकिन क्या यहां कभी पद मायने रखते थे। उन्होंने लिखा कि वह आज भी कंपनी का हिस्सा हैं और Eternal के अगले दौर में पुराने साथियों को साथ देखना चाहते हैं।

सोशल मीडिया पर तेज बहस

Deepinder Goyal के इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे ईमानदार और प्रेरणादायक बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने इसे डैमेज कंट्रोल करार दिया। एक यूजर ने लिखा कि यह नॉस्टैल्जिया नहीं बल्कि नुकसान की भरपाई की कोशिश है और पहले भी अव्यवस्था थी और अब भी है।

कई लोगों ने खुले तौर पर लिखा कि वे Eternal या Blinkit के साथ दोबारा काम करना चाहते हैं। एक यूजर ने लिखा कि वह बिल्डर माइंडसेट वाला कोडर है और Eternal के साथ काम करना चाहता है।

नेतृत्व की तारीफ भी हुई, सवाल भी उठे

कुछ यूजर्स ने गोयल की पारदर्शिता और ईमानदारी की तारीफ की। उनका कहना था कि यह संदेश दिखाता है कि कंपनियां समय के साथ सीखती और बदलती हैं। वहीं कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि क्या जोमैटो की पुरानी कार्य संस्कृति सच में बदल चुकी है या यह सिर्फ एक भावुक अपील है।

‘वापसी का दरवाजा खुला है’

पोस्ट के अंत में Deepinder Goyal ने साफ किया कि अगर कोई पूर्व कर्मचारी वापस आना चाहता है, तो वह सीधे back@eternal.com पर ईमेल कर सकता है। उन्होंने लिखा कि गुरुग्राम का प्रदूषण आज भी समस्या है, लेकिन Eternal में काम करना आज भी इसकी खासियत है।

First Published : February 4, 2026 | 8:09 AM IST