आपका पैसा

₹22,000 महीने के निवेश से बनेगा ₹15 लाख का फंड? सरकार ने वायरल दावे की बताई हकीकत

फेसबुक पर AI से बना फर्जी वीडियो वित्त मंत्री के नाम पर 22 हजार लगाकर 15 लाख कमाने का झांसा दे रहा है। लेकिन सरकार ने ऐसे वीडियो से बचने की चेतावनी जारी की है

Published by
अमित कुमार   
Last Updated- February 20, 2026 | 7:55 PM IST

फेसबुक पर एक फर्जी विज्ञापन तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक निवेश स्कीम की तारीफ करते दिखाया गया है। इस विज्ञापन में दावा किया जा रहा है कि सिर्फ 22,000 रुपये महीने का निवेश करके 15 लाख रुपये तक की कमाई हो सकती है। लेकिन सरकार ने साफ कर दिया है कि यह विज्ञापन पूरी तरह से फेक है।

PIB फैक्ट चेक ने किया खुलासा

प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक यूनिट ने एक्स पर पोस्ट करके बताया कि यह वीडियो पूरी तरह से बनावटी है। इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है। वीडियो में वित्त मंत्री को गलत तरीके से दिखाया गया है, जैसे वे किसी हाई-रिटर्न वाली निवेश योजना को प्रमोट कर रही हों।

PIB ने कहा कि न तो निर्मला सीतारमण और न ही भारत सरकार ने ऐसी किसी प्लेटफॉर्म या स्कीम को कभी मंजूरी दी है। यह वीडियो लोगों को गुमराह करने के लिए बनाया गया है।

Also Read: PM Rahat Yojana: ₹1.5 लाख तक फ्री इलाज! रोड एक्सीडेंट पीड़ितों के लिए आई नई योजना, जानें पूरी प्रक्रिया

ऐसे वीडियो कैसे लोगों को चूना लगाते हैं?

अपराधी अब AI टूल्स का इस्तेमाल करके मशहूर हस्तियों के वीडियो को इतना असली बनाते हैं कि देखने में कहीं से भी फेक नहीं लगते। ये वीडियो फेसबुक जैसे सोशल मीडिया पर स्पॉन्सर्ड ऐड के रूप में चलाए जाते हैं, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इन्हें देखते हैं।

बहुत से लोग बाजार में उतार-चढ़ाव देखकर ऐसी स्कीम की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जहां कम पैसे में इतनी बड़ी कमाई का वादा किया जाता है। लेकिन फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स हमेशा चेतावनी देते हैं कि इतने ज्यादा और गारंटीड रिटर्न वाली बातें आमतौर पर घोटाले की निशानी होती हैं।

सावधानी कैसे बरतें?

सरकार ने लोगों से अपील की है कि ऐसी स्कीम्स पर भरोसा न करें जो बहुत ज्यादा या पक्के रिटर्न का वादा करती हों। किसी भी दावे की जांच आधिकारिक सरकारी वेबसाइट या रेगुलेटर के पोर्टल पर जरूर करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, जो सोशल मीडिया या मैसेज ऐप्स पर मिलते हैं।

कभी भी बैंक डिटेल्स, OTP या पर्सनल जानकारी अनजान प्लेटफॉर्म पर शेयर न करें। असली निवेश प्रोडक्ट्स हमेशा रेगुलेटेड संस्थाओं के जरिए आते हैं और उनकी पूरी जानकारी साफ-साफ दी जाती है।

First Published : February 20, 2026 | 7:55 PM IST