बाजार

Closing Bell: बाजार को ग्लोबल संकेतों और Q1 रिजल्ट्स का मिला सहारा, सेंसेक्स 540 अंक चढ़ा; निफ्टी 25219 पर बंद

Stock Market Today: जापान के साथ अमेरिका के व्यापार समझौते की घोषणा से अन्य व्यापारिक साझेदारों के साथ समझौते की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 23, 2025 | 4:02 PM IST

Stock Market Closing Bell, 23 July: वैश्विक बाजारों से पॉजिटिव संकेत लेते हुए भारतीय शेयर बाजार बुधवार (23 जुलाई) को तेजी के साथ बंद हुए। बैंकिंग समेत कंपनियों के जून तिमाही के नतीजों के बीच चुनिंदा स्टॉक्स में एक्शन ने भी बाजार के सेंटीमेंट्स पर पॉजिटिव असर डाला। इसके अलावा जापान के साथ अमेरिका के व्यापार समझौते की घोषणा से अन्य व्यापारिक साझेदारों के साथ समझौते की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) आज 198 अंकों की बढ़त के साथ 82,384 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 82,786 से 82,279 अंक के बीच रहा। अंत में यह 539.83 अंक या 0.66 फीसदी की बढ़त लेकर 82,726.64 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 भी आज बढ़त के साथ 25,139 पर ओपन हुआ। कारोबार के दौरान यह 25,233 अंक के हाई और 25,085 अंक के लो लेवल तक गया। अंत में यह 159 अंक या 0.63 फीसदी की बढ़त के साथ 25,219 पर क्लोज हुआ।

जियोजित इंवेस्टमेंट्स लिमिटेड में रिसर्च प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ”वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के सीजन की मिश्रित शुरुआत के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती दिखाई। अमेरिका-जापान व्यापार समझौते को लेकर आशावाद से प्रेरित सकारात्मक वैश्विक संकेतों ने धारणा को बल दिया है। इसके अलावा भारत-यूके फ्री ट्रेड समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में प्रगति ने भी सकारात्मक दृष्टिकोण को और बल दिया है।”

उन्होंने कहा, ”वैश्विक व्यापार वार्ताओं में लगातार प्रगति से शॉर्ट टर्म में व्यापार तनाव कम होने और बाजार में स्थिरता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, हाई वैल्यूएशन चिंता का विषय बना हुआ है। लेकिन मौजूदा बाजार मजबूती शॉर्ट टर्म में आय में सुधार की संभावना का संकेत देती है। इस सुधार की गति और स्थिरता बाजार की आगे की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होगी।”

Top Gainers & Losers

सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस और मारुति सुजुकी सेंसेक्स में सबसे ज्यादा लाभ में रहने वाले शेयरों में शामिल रहे। जबकि हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट और बीईएल सबसे ज्यादा गिरावट में रहने वाले शेयरों में शामिल रहे।

ब्रोडर मार्केटस में निफ्टी मिडकैप 100 आज 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 सपाट स्तर पर बंद हुआ। सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी ऑटो 0.85 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 0.76 प्रतिशत और निफ्टी मेटल 0.48 प्रतिशत ऊपर बंद हुए। दूसरी तरफ, निफ्टी रियल्टी 2.6 प्रतिशत गिर गया।

एशियाई बाजारों में तेजी

एशिया-प्रशांत बाजारों में बुधवार को मजबूती देखने को मिली। जापान के निक्केई इंडेक्स में 2.5% तक की तेजी दर्ज की गई। दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जापान के साथ एक बड़े व्यापार समझौते की घोषणा की है, जिसके चलते निवेशकों में उत्साह दिखा।

ट्रंप ने कहा कि इस डील से जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश करेगा और अमेरिका को इससे 90 फीसदी मुनाफा मिलेगा। डील में ऑटोमोबाइल, चावल और कृषि उत्पादों के व्यापार के रास्ते खुलने की बात कही गई है। साथ ही इससे अमेरिका में लाखों नौकरियां पैदा होने की संभावना जताई गई है।

बुधवार सुबह निक्केई इंडेक्स 1.85% चढ़ा, जबकि टॉपिक्स इंडेक्स में 1.95% की बढ़त दर्ज की गई। ऑस्ट्रेलिया का ASX 200 इंडेक्स 0.55% मजबूत रहा, जबकि कोरिया का कोस्पी इंडेक्स लगभग स्थिर रहा।

वॉल स्ट्रीट का हाल

अमेरिकी बाजारों में भी मंगलवार को मिश्रित रुख देखने को मिला।

  • S&P 500 इंडेक्स 0.06% की मामूली बढ़त के साथ 6,309.62 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ।

  • डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 179.37 अंक चढ़कर 44,502.44 पर बंद हुआ।

  • नैस्डैक कंपोजिट 0.39% की गिरावट के साथ 20,892.69 पर बंद हुआ।

First Published : July 23, 2025 | 7:53 AM IST