Stock Market Update, 27 February 2026: वैश्विक बाजारों से मिले-जुले रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के अंतिम ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार (27 फरवरी) को गिरावट के साथ खुले। आईटी शेयरों में बढ़त के बावजूद अन्य सेक्टरों में बिकवाली से बाजार दबाव में दिख रहा है। इसके अलावा इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के शेयरों कमजोरी का भी बाजार पर नेगेटिव असर पड़ा है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ रहे तनाव की वजह से निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं और बीच-बीच में मुनाफा वसूली कर रहे हैं।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 82,246 अंक पर लगभग सपाट खुला। लेकिन खुलते ही इसमें गिरावट देखी गई। सुबह 9:24 बजे यह 237.94 अंक या 0.29 प्रतिशत की बढ़त लेकर 82,010.67 पर था।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी गिरावट के साथ 25,459 पर खुला। सुबह 2:29 बजे यह 111 अंक या 0.44 फीसदी की गिरावट के साथ 25,385 पर कारोबार कर रहा था।
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच हाल की वार्ता बिना किसी ठोस नतीजे के समाप्त हुई है। इससे अमेरिका की संभावित सैन्य कार्रवाई और पश्चिम एशिया में व्यापक संघर्ष की आशंका बढ़ गई है। ईरान को लेकर अमेरिका के अगले कदम को लेकर बढ़ती अनिश्चितता और घरेलू स्तर पर किसी नए सकारात्मक कारक की कमी के बीच निवेशकों की भागीदारी सीमित और चुनिंदा रहने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे में बाजार का रुख सतर्क बना रह सकता है और इंडेक्स एक तय दायरे में ऊपर नीचे होते रह सकते हैं। स्पष्ट और मजबूत दिशा की बजाय बीच बीच में उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
एशियाई बाजारों में शुक्रवार को मिला-जुला रुख रहा। इससे पहले अमेरिका के शेयर बाजार में गिरावट आई थी। अमेरिका में एनवीडिया कंपनी ने तिमाही नतीजे अच्छे दिए, लेकिन इसके बावजूद उसके शेयरों में तेज गिरावट आई। इसका असर टेक्नोलॉजी शेयरों पर पड़ा। जापान का निक्केई सूचकांक 0.6 प्रतिशत गिरा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.1 प्रतिशत नीचे रहा। ऑस्ट्रेलिया का बाजार लगभग स्थिर रहा। अमेरिका में डाउ जोंस 0.03 प्रतिशत बढ़ा, लेकिन एसएंडपी 500 में 0.54 प्रतिशत की गिरावट आई। टेक शेयरों वाला नैस्डैक 1.18 प्रतिशत लुढ़क गया।
आज प्राइमरी मार्केट में भी हलचल रहेगी। गॉडियम आईवीएफ एंड वूमन हेल्थ कंपनी के शेयर आज बाजार में लिस्ट होंगे। ओम्निटेक इंजीनियरिंग का आईपीओ आज बंद होगा। पीएनजीएस रेव्हा डायमंड ज्वेलरी आईपीओ के शेयरों का आवंटन आज तय हो सकता है। एसएमई सेगमेंट में एसीटेक ई-कॉमर्स का आईपीओ आज खुल रहा है। स्ट्राइडर्स इम्पेक्स का आईपीओ दूसरे दिन में है। याप डिजिटल का आईपीओ आज आखिरी दिन में प्रवेश करेगा।