शेयर बाजार

Tata Group Stock Split: नतीजों के साथ स्टॉक ​स्प्लिट के ऐलान से शेयर भागा, 10 टुकड़ों में बंटेगा 1 शेयर

Tata Investment Stock Split: Q1 में कंपनी की ऑपरेटिंग इनकम 145.46 करोड़ रुपये रही जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 142.46 करोड़ रुपये थी।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- August 04, 2025 | 3:12 PM IST

Tata Investment Stock Split: टाटा ग्रुप की इन्वेस्टमेंट कंपनी टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (TICL) ने सोमवार को तिमाही नतीजों के साथ स्टॉक ​​स्पिल्ट का ऐलान किया। कंपनी का अप्रैल-जून तिमाही (Q1FY26) में कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 11.6 फीसदी उछलकर 146.3 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का पिछले वर्ष की इसी तिमाही में नेट प्रॉफिट 131.07 करोड़ रुपये रहा था। नतीजों के साथ कंपनी ने 1:10 के रेश्यो में स्टॉक ​​स्पिल्ट का ऐलान किया है।

टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन  (TICL) ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी ऑपरेटिंग इनकम 145.46 करोड़ रुपये रही जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 142.46 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने कहा कि कुल व्यय मामूली रूप से बढ़कर 12.15 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 11.77 करोड़ रुपये था। इस दौरान लाभांश आय सालाना आधार पर 84.08 करोड़ रुपये से बढ़कर 89.16 करोड़ रुपये हो गई।

यह भी पढ़ें: Tata Stock 21% नीचे कर रहा ट्रेड, लेकिन ब्रोकरेज को है दमदार वापसी की उम्मीद; ₹487 का दिया टारगेट

Tata Investment Stock Split: 1:10 में बंटेगा शेयर

TICL के मुताबिक, कंपनी बोर्ड ने 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले मौजूदा शेयर को 1 रुपये फेस वैल्यू 10 शेयर में बांटने को मंजूरी दे दी है। हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों और रेगुलेटरी मंजूरी जरूरी होगी। TICL एक व्यवस्थित रूप से अहम गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) है। इसे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से मीडियम लेवल की एनबीएफसी के रूप में क्लासिफाइड किया गया है।

TICL: शेयर में तगड़ा उछाल

पहली तिमाही के नतीजों के साथ स्टॉक ​​स्पिल्ट के ऐलान के बाद TICL के शेयर में कारोबारी सेशन के दौरान तेजी देखने को मिली। कारोबारी सेशन में स्टॉक 5.4 फीसदी तक उछल गया। दोपहर 2.15 बजे तक के कारोबार में शेयर ने 7156 रुपये का हाई और 6750 रुपये का लो बनाया। बीते कारोबारी सेशन (शुक्रवार) को शेयर 6778 रुपये पर बंद हुआ था।

टाटा ग्रुप के इस स्मालकैप स्टॉक की लॉन्ग टर्म परफॉर्मेंस देखें तो दमदार रही है। बीते 2 साल में शेयर ने 180 फीसदी, 3 साल में 380 फीसदी और 5 साल में 860 फीसदी का दमदार रिटर्न दिया है। बीते एक साल में शेयर करीब 13 फीसदी उछला है। BSE पर स्टॉक का 52 हफ्ते का हाई 8,075 और लो 5,147 है। कंपनी का मार्केट कैप 35,467 करोड़ रुपये से ज्यादा दर्ज किया गया।

 

First Published : August 4, 2025 | 2:34 PM IST