Categories: बाजार

चार दिन की गिरावट के बाद चढ़े बाजार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 8:51 PM IST

मुख्य तौर पर आईटी और फार्मा शेयरों में खरीदारी बढऩे से प्रमुख सूचकांक आज चार दिन की गिरावट से निकल कर तेजी दर्ज करने में कामयाब रहे। सेंसेक्स आखिर में 53,424.09 पर बंद हुआ जो 581 अंक या 1.1 प्रतिशत की तेजी है। चार सत्रों में यह सूचकांक करीब 6 प्रतिशत कमजोर हुआ था। दूसरी तरफ निफ्टी 150 अंक चढ़ा और आखिर में 0.95 प्रतिशत की तेजी के साथ 16,013 पर बंद हुआ।
एफपीआई ने मंगलवार को 8,143 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। यह लगातार तीसरा दिन था जब उन्होंने घरेलू बाजारों से बिकवाली की। साल में अब तक उनकी कुल बिकवाली का आंकड़ा 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
विश्लेषकों का कहना है कि मंगलवार की तेजी तकनीकी तौर पर उछाल थी और निवेशक कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और रूस से तेल आयात पर प्रतिबंध की बढ़ती आशंका को लेकर चिंतित बने रहेंगे।
ऊंची जिंस कीमतों से वैश्विक निवेशकों ने मुद्रास्फीति की चिंताओं और सुस्त आर्थिक वृद्घि के बीच जोखिमपूर्ण परिसंपत्तियों से दूरी बनाई है।
बाजार धारणा मजबूत थी और 2,178 शेयर तेजी और 1,159 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

6 दिन के बाद रुपये में तेजी

बीएस संवाददाता
मुंबई

भारतीय रिजर्व बैंक की डॉलर-रुपया बिक्री अदला-बदली नीलामी को निर्धारित मात्रा के मुकाबले तीन गुना ज्यादा बोलियां हासिल हुईं, जिससे भारतीय मुद्रा को 6 कारोबारी सत्रों के बाद तेजी दर्ज करने में मदद मिली।
केंद्रीय बैंक ने एक विज्ञप्ति में कहा है कि नीलामी में आरबीआई ने 5 अरब डॉलर की निर्धारित राशि के मुकाबले 5.135 अरब डॉलर स्वीकार किए।
बिक्री-खरीद अदला-बदली नीलामी को 13.56 अरब डॉलर की बोलियों के साथ शानदार प्रतिक्रिया मिली और इसकी कट-ऑफ प्रीमियम एवरेजिंग 649.71 पैसे थी। बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य अर्थशास्त्री मदन सबनवीस ने कहा, ‘सालाना फॉर्वर्ड दर 4.22 प्रतिशत के आसपास है। डॉलर का निपटान 10 तारीख को होगा और हमें भारतीय मुद्रा में कुछ नरमी आने का अनुमान है, जो 76.91 प्रति डॉलर पर बंद हुई।’
विज्ञप्ति में कहा गया है कि केंद्रीय बैंक को 246 बोलियां मिलीं, लेकिन नीलामी में 86 बोलियां स्वीकार की गईं। बोली-कवर अनुपात 2.71 था।

First Published : March 8, 2022 | 11:32 PM IST