Stock Market: हफ्ते के पहले दिन यानी सोमवार को अधिकांश समय तक उदासीन रहने के बाद, आखिरी कुछ घंटो में इक्विटी बाजार में तेजी से गिरावट आई। एशियाई और यूरोपीय बाजारों में कमजोर रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और मारुति में बिकवाली से बाजार नीचे आया।
आज के कारोबार में BSE सेंसेक्स 354 अंक कमजोर हुआ। वहीं, निफ्टी (Nifty) में भी 82 अंक की गिरावट दर्ज की। व्यापक बाजारों में, BSE मिडकैप इंडेक्स 0.02 फीसदी बढ़कर बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 0.23 फीसदी फिसल गया।
BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 354.21 अंक यानी 0.49 फीसदी की गिरावट के साथ 71,731.42 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में आज 71,602.14 और 72,385.93 के रेंज में कारोबार हुआ।
वहीं, दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी (Nifty) में भी 82.10 अंक यानी 0.38 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी दिन के अंत में 21,771.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी में आज 21,726.95 और 21,964.30 के रेंज में कारोबार हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, मारुति, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर, जेएसडब्ल्यू स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज नुकसान में रहीं।
दूसरी तरफ टाटा मोटर्स का शेयर छह प्रतिशत उछल गया। कंपनी के शुक्रवार को जारी तिमाही परिणाम के बाद उसका शेयर चढ़ा है। कंपनी का शुद्ध लाभ दिसंबर तिमाही में दोगुना उछलकर 7,100 करोड़ रुपये रहा। लाभ में रहने वाले अन्य शेयरों में सन फार्मा, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, एनटीपीसी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज शामिल हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त में रहे थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.92 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 70.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। सेंसेक्स शुक्रवार को 440.33 अंक और निफ्टी 156.35 अंक चढ़ा था।
(भाषा के इनपुट के साथ)