बाजार

Closing Bell: दो दिन की तेजी के बाद शेयर बाजार में गिरावट! सेंसेक्स करीब 400 अंक फिसला, निफ्टी 25 हजार के नीचे बंद

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ़्टी-50 (Nifty-50) भी 122.65 अंक या 0.49 प्रतिशत की गिरावट लेकर 24,918.45 अंक पर बंद हुआ।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- September 11, 2024 | 4:32 PM IST

Closing Bell: एशिआई बाजारों में कमजोर रुख के बीच इंडेक्स में हैवी वेटेज रखने वाले टाटा मोटर्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में गिरावट के चलते भारतीय शेयर बाजार लगातार दो दिन की तेजी के बाद बुधवार को गिरकर बंद हुआ।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) आज 398.13 अंक या 0.49 प्रतिशत की गिरावट लेकर 81,523.16 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 498.15 अंक तक गिर गया था।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ़्टी-50 (Nifty-50) भी 122.65 अंक या 0.49 प्रतिशत की गिरावट लेकर 24,918.45 अंक पर बंद हुआ।

टॉप लूजर्स

सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स सबसे ज्यादा नुकसान में रही, जिसमें करीब 6 फीसदी की गिरावट आई। इसके अलावा एनटीपीसी, अदानी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, जेएसडब्ल्यू स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक और टाइटन भी गिरावट में रहे।

टॉप गेनर्स

दूसरी तरफ, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस (bajaj finance), हिंदुस्तान यूनिलीवर और बजाज फिनसर्व के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

वैश्विक बाजारों का क्या हाल?

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने मंगलवार को 2,208.23 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 70.22 डॉलर प्रति बैरल रहा।

मंगलवार को कैसी थी बाजार की चाल?

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) मंगलवार को 361.75 अंक चढ़ा था जबकि एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) 104.70 अंक मजबूत हुआ था।

First Published : September 11, 2024 | 4:22 PM IST