बाजार

Bajaj Housing finance: बंपर लिस्टिंग के बाद लगातार दूसरे दिन लगा अपर सर्किट, बेच दें या होल्ड करें शेयर?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि बजाज हाउसिंग की सूचीबद्धता कंपनी की मजबूत फाइनेंशियल स्थिति (जिसे बजाज ब्रांड का समर्थन है) पर निवेशकों के अटल भरोसे को दिखाती है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- September 17, 2024 | 1:57 PM IST

Bajaj Housing finance Share Price: शेयर बाजार में जोरदार एंट्री के बाद बजाज हाउसिंग फाइनेंस के शेयरों में मंगलवार को 10% का अपर सर्किट लग गया और कंपनी का शेयर 181.5 रुपये पर पहुंच गया।

बजाज हाउसिंग फाइनेंस (Bajaj Housing finance) का शेयर अपनी लिस्टिंग के दिन 165 रुपये के भाव पर बंद हुआ, जो कि इसके आईपीओ प्राइस 70 रुपये से 135 प्रतिशत अधिक है।

बजाज हाउसिंग फाइनेंस के 6,560 करोड़ रुपये के आईपीओ को निवेशकों से काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी और कुल मिलाकर उसे 63.61 गुना आवेदन मिले थे। यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी हाउसिंग फाइनैंस कंपनी है जिसकी प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां 97,091 करोड़ रुपये है। साथ ही इसका सकल एनपीए काफी कम यानी 0.28 फीसदी और शुद्ध एनपीए 0.11 फीसदी है।

एक्सपर्ट्स की क्या राय?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि बजाज हाउसिंग की सूचीबद्धता कंपनी की मजबूत फाइनेंशियल स्थिति (जिसे बजाज ब्रांड का समर्थन है) पर निवेशकों के अटल भरोसे को दिखाती है। उन्होंने कहा कि बजाज हाउसिंग की स्थिर ग्रोथ और उचित वैल्यूएशन ने इसे निवेश के लिए काफी आकर्षक बना दिया।

-कुछ समय तक रहे निवेशित

स्वतंत्र बाजार विश्लेषक अंबरीश बालिगा ने कहा कि निवेशकों को इस शेयर में कुछ समय तक निवेश बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने बजाज समूह का वास्तव में एक लंबे अरसे बाद आईपीओ देखा है।

बजाज हाउसिंग लंबी अवधि का दांव है और निवेशक इसमें कुछ समय तक बने रह सकते हैं क्योंकि इस शेयर में सकारात्मक रफ्तार तब तक बनी रह सकती है जब तक कि बाजार में खरीदारी का मनोबल बना रहेगा।

-लंबी अवधि में एसेट क्रिएटर के तौर पर उभर सकता है शेयर

हेम सिक्योरिटीज की वरिष्ठ शोध विश्लेषक आस्था जैन का मानना है कि आईपीओ में शेयर पाने वाले निवेशक करीब 150 रुपये के भाव पर आंशिक मुनाफावसूली (profit booking) कर सकते हैं लेकिन कहा कि बाकी बचे शेयरों में निवेश बनाए रखने से यह लंबी अवधि में एसेट क्रिएटर (Asset Creator) के तौर पर उभर सकता है।

First Published : September 17, 2024 | 1:57 PM IST