अति अहम रेल परियोजनाएं जल्द होंगी पूरी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 8:45 AM IST

रेल मंत्री पीयूष गोयल के मुताबिक भारतीय रेलवे ने मार्च 2022 तक सभी अति अहम परियोजनाएं पूरी करने का लक्ष्य तय किया है। रेल मंत्री ने कहा, ‘इस समय 513 परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें से रेलवे ने अति अहम और अहम परियोजनाएं अत्यधिक उपयोग वाले नेटवर्क मार्गों, मल्टी ट्रैकिंग परियोजनाओं, संपर्क परियोजनाएं और राष्ट्रीय परियोजनाओं में चिह्नित की हैं। धन आवंटन ौर लक्ष्य की योजना अगले चार साल की बनाई गई है। सभी अति अहम परियोजनाएं मार्च 2022 तक पूरी हो जाएंगी और अन्य मार्च 2024 तक पूरी होंगी।’ गोयल ने भारतीय रेलवे के लिए बजट आवंटन को लेकर कहा, ‘वर्ष 2021 का आम बजट भारतीय रेलवे के लिए ऐतिहासिक रहा है।’

 
पहले बजट होता था वोट बैंक का बहीखाता : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021-22 के आम बजट को देश के सामने खड़ी चुनौतियों के समाधान को नई तेजी देने वाला करार देते हुए गुरुवार को आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने बजट को वोट बैंक के हिसाब-किताब का बहीखाता और कोरी घोषणाओं का माध्यम बना दिया था। प्रधानमंत्री ने चौरी चौरा शताब्दी समारोह का ऑनलाइन उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि कोरोना काल में देश के सामने जो चुनौतियां सामने आई उनके समाधान को यह बजट नई तेजी देगा। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि दशकों से हमारे देश में बजट का मतलब बस इतना ही रह गया था कि किसके नाम पर क्या घोषणा कर दी गई। मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने बजट को ऐसी घोषणाओं का माध्यम बना दिया था जो पूरी ही नहीं कर पाती थीं। एजेंसियां

First Published : February 4, 2021 | 11:43 PM IST