पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। सिंह 74 वर्ष के थे। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं।
मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संप्रग-1 सरकार में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री रहते सिंह ने महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) लागू कराने में अहम भूमिका निभाई, जिससे गांवों में खासा बदलाव हुआ। उन्होंने चार बार वैशाली से लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया। वह बिहार में कर्पूरी ठाकुर के मंत्रिमंडल में वह कैबिनेट मंत्री रहे। राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद ने ट्वीट कर कहा, ‘प्रिय रघुवंश बाबू! ये आपने क्या किया? मैंने परसों ही आपसे कहा था, आप कहीं नहीं जा रहे है। लेकिन आप इतनी दूर चले गए। नि:शब्द हूं। दु:खी हूं।’ वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक संदेश में कहा, ‘वे जमीन से जुड़े राजनेता थे। उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक, शिक्षा तथा समाजवाद के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।’