facebookmetapixel
Share Market: शेयर बाजार में लगातार गिरावट जारी, निवेशकों की बढ़ी चिंताविदेश घूमने जा रहे हैं? ट्रैवल इंश्योरेंस लेते समय ये गलतियां बिल्कुल न करें, नहीं तो होगा बड़ा नुकसानफैमिली फ्लोटर बनाम इंडिविजुअल हेल्थ प्लान: आपके परिवार के लिए कौन सा ज्यादा जरूरी है?NPS New Rules: NPS में करते हैं निवेश? ये पांच जरूरी बदलाव, जो आपको जरूर जानना चाहिएतेल-गैस ड्रिलिंग में उपयोग होने वाले बेराइट का भंडार भारत में खत्म होने की कगार पर, ऊर्जा सुरक्षा पर खतरासोना 70% और चांदी 30%! क्या यही है निवेश का सही फॉर्मूला?एयरलाइन मार्केट में बड़ा उलटफेर! इंडिगो ने एयर इंडिया ग्रुप को अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या में छोड़ा पीछेअब EPF का पैसा ATM और UPI से सीधे इस महीने से निकाल सकेंगे! सरकार ने बता दिया पूरा प्लान8th Pay Commission: रिटायर्ड कर्मचारियों को DA और दूसरे लाभ नहीं मिलेंगे?31 दिसंबर तक बिलेटेड टैक्स रिटर्न फाइल का अंतिम मौका! लेट फीस, फाइन से लेकर ब्याज की पूरी जानकारी

बच्चों के टीकाकरण की धीमी शुरुआत

Last Updated- December 11, 2022 | 8:43 PM IST

देश में बुधवार को 12-14 वर्ष उम्र के बच्चों में कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए शुरू टीकाकरण की रफ्तार सुस्त रही है। कोविन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस को शुरू इस अभियान में पूरे देश में केवल 136,886 बच्चों को ही टीके लग पाए। जानकारी की कमी, विद्यालयों में चल रही परीक्षा आदि कारणों से टीकाकरण अभियान सुस्त रहा है।
स्कूल की परीक्षाएं समाप्त होने और अभिभावकों में जागरूकता बढऩे से आने वाले दिनों में 12-14 वर्ष के बच्चों में टीकाकरण अभियान तेज होने की उम्मीद है। हालांकि इस सप्ताहांत होली त्योहार होने से बच्चे कम संख्या में टीका लगवाने आ सकते हैं। दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश 1 में पहाड़ीवाला गुरुद्वारा टीकाकरण केंद्र पर कोई भी बच्चा नहीं आया। कुर्सियां खाली पड़ी थीं और केवल स्वास्थ्यकर्मी ही दिखे।
टीकाकरण अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा, ’12-14 वर्ष उम्र का कोई भी बच्चा टीका लेने अब तक नहीं आया है। टीकाकरण केंद्र करीब सुबह 9 बजे ही खुल गया था। कुछ बच्चे जरूर आए थे मगर वे इस उम्र दायरे के नहीं थे।’ कुमार ने कहा कि लोगों में जानकारी के अभाव से बच्चे इतनी कम संख्या में टीके लगवाने आए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के माता-पिता को इस टीकाकरण की जानकारी नहीं है। कुमार ने कहा, ‘मुझे लगता है कि स्कूल खुले होने की वजह से अब तक कोई टीका लगवाने नहीं आया है।’
दिल्ली में करीब 6-7 लाख बच्चे 12-14 वर्ष के उम्र दायरे में आते हैं। शहर में बायोलॉजिकल ई के कॉर्बेवैक्स टीके की 6,31,400 खुराक पहले ही पहुंच चुकी हैं। 28 दिनों के अंतराल पर इस टीके की दोनों खुराक लगाई जाती है। मुंबई में लगभग 4 लाख बच्चे 12-14 वर्ष उम्र के दायरे में आते हैं। शहर को अब तक टीके की 1,30,000 खुराक मिल चुकी हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में अतिरिक्त आयुक्त सुरेश ककाणी ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक टीकाकरण कार्यक्रम के लिए इतनी खुराक पर्याप्त है। मुंबई में 12 केंद्रों के साथ इस अभियान की शुरुआत हुई है। टीके की आपूर्ति बढऩे के साथ और अधिक टीकाकरण केंद्र खोले जाएंगेे। महारष्ट्र में 12-14 वर्ष उम्र के दायरे में करीब 65 लाख बच्चे हैं जिनके लिए अब तक 13 लाख खुराक आ चुकी हैं।
इस उम्र के बच्चों के लिए पंजीकरण की शुरुआत बुधवार को हुई। गुजरात में कुछ विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों ने पहले से ही इसकी तैयारी कर ली थी। अहमदाबाद के साकार इंगलिश स्कूल की प्रधानाचार्य स्मिता दास कहती हैं, ‘अभिभावकों को अपने बच्चों के साथ आने के लिए पहले ही कह दिया गया था। उन्हें साथ में बच्चों के पहचान पत्र सहित उम्र का प्रमाण आदि भी साथ लाने के लिए कहा गया था। पूरी तैयारी पहले से ही थी इसलिए टीकाकरण अभियान में कोई व्यवधान नहीं आया।’ 300 से अधिक बच्च्चों को बायोलॉजिकल ई के टीके की पहली खुराक दी गई। उनमें टीके का कोई प्रतिकूल असर नहीं दिखा।
गुजरात में 2,000 से अधिक केंद्रों पर 2,500 से अधिक टीकाकर्मी तैनात किए गए हैं। इस अभियान के तहत 12-14 वर्ष के 22.6 लाख बच्चों को टीके लगे हैं। सरकारी अधिकारियों के अनुसार गुजरात में कॉर्बेवैक्स टीके की 23 लाख से अधिक खुराक पहुंच चुकी हैं। राज्य में शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग ने टीकाकरण अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम तक पहुंचाने के लिए राज्य भर के विद्यालयों से समन्वय किया है।
उत्तर प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ सिविल हॉस्पिटल के परिसर में बच्चों के बीच चॉकलेट का वितरण किया। राज्य में 12-14 वर्ष उम्र दायरे के बीच करीब 85 लाख बच्चे हैं। केवल लखनऊ में ही करीब 2 लाख से अधिक बच्चों को टीके लगने हैं। हालांकि टीकाकरण अभियान संभवत: होली के बाद जोर पकड़ेगा। तमिलनाडु में 12-14 वर्ष की उम्र के 21.2 लाख बच्चों का टीकाकरण होना है। राज्य प्रशासन ने जिलों में टीके की 21.6 लाख खुराक का वितरण किया है। पश्चिम बंगाल में टीकाकरण अभियान कुछ दिनों बाद शुरू होगा। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि राज्य में टीकाकरण के लिए प्रशिक्षण कार्य बुधवार को समाप्त हुआ। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में टीकाकरण की शुरुआत हो सकती है।   
(साथ में विनय उमरजी, शाइन जैकब, वीरेंद्र सिंह रावत और ईशिता आयान दत्त)

First Published - March 16, 2022 | 11:07 PM IST

संबंधित पोस्ट