भारत बायोटेक के कोविड-19 टीके की मंजूरी प्रक्रिया पर कांग्रेस के कुछ नेताओं के सवाल उठाने के बाद भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को आरोप लगाया कि जब भी देश कुछ सफलता हासिल करता है, विपक्षी पार्टी उन उपलब्धियों का मजाक उड़ाने के लिए बेबुनियाद सिद्धांतों का सहारा लेती है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी विपक्षी नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि वे स्थायी रूप से राजनीतिक हाशिये पर जाना चाहते हैं। हालांकि, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पलटवार करते हुए उनकी (पुरी की) तुलना नाजी दुष्प्रचारकों से की। नड्डा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर अपने नाकाम राजनीतिक एवं नापाक मंसूबों को हासिल करने के लिए लोगों के बीच दहशत पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
टीकों को मंजूरी ‘निर्णायक मोड़’ : नीति आयोग
नीति आयोग के सदस्य वी के पॉल ने रविवार को देश में कोरोनावायरस से बचाव के लिए दो टीकों के आपात उपयोग की मंजूरी दिए जाने को कोविड-19 के खिलाफ अभियान में एक निर्णायक मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि इस चुनौती को पूरा करने के लिए वैज्ञानिकों और उद्योग ने जिस गति से साथ मिलकर काम किया, वह ‘आत्मानिर्भर भारत’ की भावना और क्षमता को दर्शाता है। भाषा