कोर्बेवैक्स की एक खुराक 800 रुपये में

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 8:43 PM IST

हैदराबाद की कंपनी बायोलॉजिकल ई ने एक महीने में कोविड-19 टीका, कोर्बेवैक्स की 10 करोड़ खुराक तैयार करने की योजना बनाई है और इसने निजी बाजारों में टीके की कीमत 800 रुपये (जीएसटी छोड़कर) तय की है। कंपनी ने दावा किया कि इसे सरकार को 145 रुपये प्रति खुराक के आधार बेचा जा रहा है और इस तरह यह देश का और दुनिया में भी सबसे सस्ता टीका है। बायोलॉजिकल ई ने बच्चों के साथ-साथ छह महीने के नवजात शिशुओं पर भी टीके का परीक्षण करने की योजना बनाई है और अब कोविशील्ड और कोवैक्सीन के बाद एक बूस्टर खुराक का परीक्षण भी कर रही है।
मीडिया के साथ बात करते हुए बायोलॉजिकल ई (बीई) की प्रबंध निदेशक महिमा दातला ने कहा कि टीका कुछ दिनों में बच्चों और वयस्कों के लिए उपलब्ध होगा। हालांकि बीई निजी बाजारों में इसकी ज्यादा मांग की उम्मीद नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को 145 रुपये प्रति खुराक के आधार पर टीका देकर बीई राज्य के खजाने का 1500 करोड़ रुपये बचा रहा है। दातला ने कहा, ‘यह दुनिया में सबसे कम है।’
बीई के घरेलू कारोबार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीवन मुद्गल ने कहा, ‘सरकार का टीकाकरण कार्यक्रम सबलोगों तक सुलभ है और इस तरह के टीके में इनकी बढ़त है। हमारा मानना है कि निजी बाजार में यह सीमित होगा। यह निश्चित तौर पर कुल मांग से 10 फीसदी कम होगा।’ बीई टीके की लागत कर सहित 990 रुपये प्रति खुराक होगी और एक निजी टीका केंद्र पर टीका लगाने के लिए 150 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
पिछले कुछ महीने में निजी क्षेत्र में कोविड-19 टीके की मांग में कमी आई है क्योंकि सरकार केंद्रों पर टीके मुफ्त में उपलब्ध हैं।
बीई सरकार को टीके की 30 करोड़ खुराक की आपूर्ति कर रही है जिनमें से उन्होंने 5 करोड़ खुराक की आपूर्ति पहले ही कर दी है और बाकी 25 करोड़ खुराक की आपूर्ति जल्द ही की जाएगी। बीई ने केंद्र की आपूर्ति के लिए 30 करोड़ खुराक के लिए प्रतिबद्धता जताई है।  इसके अलावा बीई ने कोविशील्ड और कोवैक्सीन की दो खुराक के बाद कोर्बेवैक्स की बूस्टर खुराक के तौर पर क्लिनिकल जांच की शुरुआत पहले ही कर दी है। वे बाद में कोर्बेवैक्स का परीक्षण भी बूस्टर खुराक के तौर पर करने की योजना बना रहे हैं।

First Published : March 16, 2022 | 11:09 PM IST