संकट में मुंह फेर लेना मोदी सरकार की आदत : कांग्रेस

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 9:04 PM IST

कांग्रेस ने यूक्रेन में रूस में सैन्य कार्रवाई के बीच वहां कई भारतीय नागरिकों के फंसे होने की पृष्ठभूमि में गुरुवार को आरोप लगाया कि संकट के समय मुंह फेर लेना केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की आदत बन गई है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘भारत सरकार का कहना है- यूक्रेन में फंसे हमारे 20,000 भारतीय जहां हैं वहीं रहें क्योंकि सरकार अभी चुनाव लडऩे में व्यस्त है?’ उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री जी, आप सभी का खयाल करने के बजाय चुनावी रैलियों में हवा भर रहे हैं। मगर हम देशवासी आप सभी की सकुशलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।’ सुरजेवाला ने आरोप लगाया, ‘हर मुश्किल वक्त में मुंह फेर लेना और चुप्पी साध लेना ही मोदी सरकार की आदत बन गई है।’ उन्होंने सवाल किया, ‘हमारे 20,000 भारतीय युवा यूक्रेन में भय, आशंका और जीवन पर खतरे की स्थिति से जूझने को मजबूर हैं। समय रहते उन्हें सकुशल लाने का इंतजाम क्यों नहीं किया? क्या यही ‘आत्मनिर्भर’ मिशन है?’ यूक्रेन से भारत आने वाले भारतीय नागरिकों से एयर इंडिया द्वारा कथित तौर पर अधिक किराया वसूले जाने संबंधी खबर का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता ने कटाक्ष किया, ‘यही तो है, फिर से आपदा में अवसर?’      

First Published : February 24, 2022 | 11:06 PM IST