सात साल बाद घरों की बिक्री तेज

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 8:18 PM IST

इस साल भी घरों की बिक्री खूब हो रही है। साल की पहली तिमाही में देश के प्रमुख 7 शहरों में घरों की बिक्री में 71 फीसदी बढोतरी दर्ज की गई है। इस दौरान नये घरों की लांचिंग भी 43 फीसदी बढी। नई आपूर्ति में 40 से 80 लाख रुपये कीमत वाले घरों का दबदबा रहा। आपूर्ति बढऩे के बावजूद बिना बिके घरों की संख्या में गिरावट आई है। घरों की कीमतों में 2 से 5 फीसदी इजाफा हुआ।
रियल एस्टेट सलाहकार फर्म एनारॉक प्रॉपर्टी कंसल्टेंट प्रा. लिमिटेड द्वारा आज जारी रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2022 की पहली तिमाही(जनवरी-मार्च) में देश के 7 प्रमुख शहरों में 99,550 घर बिके, जो पिछले साल की समान अवधि में बिके 58,290 घरों की तुलना में 71 फीसदी ज्यादा है।
संख्या के हिसाब से सबसे ज्यादा 29,130 घर मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में बिके। इसके बाद 18,835 घर एनसीआर में बिके। फीसदी के हिसाब से सबसे ज्यादा घरों की बिक्री में बढ़ोतरी 199 फीसदी हैदराबाद में हुई और 13,140 घर बिके। इसके बाद कोलकाता में 124 फीसदी बढोतरी के साथ 5,990 घर, 114 फीसदी बढ़ोतरी के साथ एनसीआर में 18,835 घर, 75 फीसदी बढोतरी  के साथ चेन्नई में 4,985 घर, 55 फीसदी बढ़ोतरी के साथ बेंगलुरु में 13,450 घर, 33 फीसदी बढोतरी के साथ पुणे में 14,020 घर बिके। घरों की बिक्री बढऩे के साथ ही नये घरों की लांचिंग में भी इजाफा हुआ। इस साल की पहली तिमाही में 89,150 नये घर लांच हुए, जो पिछले साल की समान अवधि में लांच हुए 62,130 घर की तुलना में 43 फीसदी ज्यादा हैं। सबसे ज्यादा 23,640 घर एमएमआर में लांच हुए।
इसके बाद हैदराबाद में 21,550 घर,पुणे में 14,490 घर, बेंगलुरु में 13,210 घर, एनसीआर में 9,300 घर, कोलकाता में 3,900 घर और चेन्नई में 3,060 घर लांच हुए।
एनारॉक समूह के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर का प्रभाव पिछली दो लहरों की तुलना में रियल एस्टेट पर काफी कम था। महामारी के बीच घर खरीदारों ने घरों की कीमतें आगे बढऩे की निश्चितता को देखते हुए घर खरीदने पर जोर दिया। जिससे इस साल की पहली तिमाही में भी घरों की बिक्री तेजी से बढ़ी और बिक्री में पिछली समान अवधि की तुलना में 71 फीसदी वृद्धि हुई। वर्ष 2015 के बाद से अब तक की उच्च तिमाही बिक्री दर्ज की गई।
इस तिमाही और पिछली तिमाही में नई लॉन्चिंग बढऩे के बावजूद बिना बिके घरों की संख्या 2 फीसदी घटकर 6.28 लाख रह गई। 7 प्रमुख शहरों में चेन्नई, एमएमआर और एनसीआर में 2022 की पहली तिमाही में बिना बिके घरों की संख्या में सबसे अधिक वार्षिक गिरावट क्रमश: 11 फीसदी,10 फीसदी और 9 फीसदी देखी गई।

First Published : April 1, 2022 | 11:34 PM IST