अमेरिका को वित्त वर्ष 2024 के लिए कांग्रेस द्वारा तय H-1B वीजा की अधिकतम सीमा जितने आवेदन मिल गए हैं। अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (USCIS) ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी कांग्रेस ने H-1B वीजा के लिए अधिकतम संख्या 65,000 तय करने का फैसला किया था। H-1B वीजा, एक गैर-प्रवासी वीजा है जिसके तहत अमेरिकी कंपनियों को विदेशी कर्मचारियों को नियुक्त करने की अनुमति मिलती है।
प्रौद्योगिक कंपनियां भारत और चीन जैसे देशों से हर साल हजारों कर्मचारियों को नियुक्त करने के लिए इसी वीजा पर निर्भर करती हैं। USCIS ने सोमवार को कहा कि उसे 2024 के वित्त वर्ष के लिए H-1B वीजा के पर्याप्त आवेदन मिल गए हैं।
संघीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि तय सीमा तक आवेदन स्वीकार किए गए। चयनित आवेदकों को इसकी जानकारी दे दी गई है कि वे H-1B वीजा के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।