संडे टाइम्स रिच लिस्ट में नियमित रूप से शामिल रहने वाले पॉल इस साल 81वें स्थान पर थे। (Photo: PTI)
Lord Swraj Paul demise: NRI उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल (Lord Swraj Paul) का गुरुवार शाम लंदन में 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। यूके स्थित कैपारो ग्रुप (Caparo Group) के संस्थापक कुछ समय से अस्वस्थ थे और हाल ही में अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने अपने परिवार की मौजूदगी में आखिरी सांस ली।
संडे टाइम्स रिच लिस्ट में नियमित रूप से शामिल रहने वाले पॉल इस साल 81वें स्थान पर थे। उनकी अनुमानित संपत्ति 2 अरब पाउंड (लगभग ₹21,000 करोड़) आंकी गई थी, जो मुख्य रूप से स्टील और इंजीनियरिंग क्षेत्र की बहुराष्ट्रीय कंपनी कैपारो ग्रुप से आई थी।
लंदन मुख्यालय वाली कैपारो कंपनी के संचालन 40 से अधिक जगहों पर फैले हैं, जिनमें यूके, नॉर्थ अमेरिका, भारत और मिडिल ईस्ट शामिल हैं। उनके पुत्र आकाश पॉल कैपारो इंडिया के चेयरमैन और कैपारो ग्रुप के डायरेक्टर हैं।
जालंधर में जन्मे स्वराज पॉल 1960 के दशक में अपनी बेटी अंबिका के इलाज के लिए ब्रिटेन चले गए थे। लेकिन मात्र चार साल की उम्र में कैंसर से उनकी बेटी का निधन हो गया। उनकी याद में पॉल ने अंबिका पॉल फाउंडेशन की स्थापना की, जिसने विश्वभर में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी पहलों का समर्थन किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को स्वराज पॉल के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए मोदी ने लिखा, “श्री स्वराज पॉल जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं। उद्योग, परोपकार और ब्रिटेन में सार्वजनिक सेवा में उनके योगदान तथा भारत के साथ घनिष्ठ संबंधों के प्रति उनके अटूट समर्थन को हमेशा याद किया जाएगा।” उन्होंने आगे लिखा, “मैं हमारे कई संवादों को स्नेहपूर्वक याद करता हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।”
यूके में भारतीय प्रवासी समुदाय के प्रमुख सदस्य रहे स्वराज पॉल ने हाल के महीनों में कमजोरी के बावजूद प्रतिदिन हाउस ऑफ लॉर्ड्स में उपस्थिति दर्ज कराई। उनके सहयोगी और ऊपरी सदन के सदस्य लॉर्ड रामी रेंजर ने कहा कि वे दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करते हैं।