अंतरराष्ट्रीय

भारतीय उच्चायुक्त ने पहली बार श्रीलंका के उत्तरी प्रांत का किया दौरा, कहा- नौका सेवाएं जल्द बहाल करने की जरूरत

भारत और श्रीलंका के बीच समृद्ध और साझा सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करते हुए उच्चायुक्त ने ऐतिहासिक राम सेतु पर प्रार्थना की।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 18, 2024 | 11:28 PM IST

श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने पहली बार इस द्विपीय देश के उत्तरी प्रांत की आधिकारिक यात्रा की और दोनों देशों के बीच संपर्क को बेहतर बनने पर जोर दिया। भारतीय उच्चायोग ने रविवार को एक बयान में कहा कि नवनियुक्त भारतीय उच्चायुक्त ने शनिवार को द्वीपीय देश के उत्तर में अपनी तीन दिवसीय पहली यात्रा पूरी की।

बयान के मुताबिक झा ने यात्रा के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया जो ‘‘द्विपक्षीय साझेदारी की गहरी जड़ें और उत्तरी प्रांत के साथ सामाजिक-आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को गहरा करने के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता’’ की पुष्टि करता है।

झा ने कांकेसंतुराई (केकेएस) बंदरगाह और तलाईमन्नार पियर का दौरा करने के दौरान संपर्क को बेहतर करने पर जोर दिया। उन्होंने दोनों देशों के बीच नौका सेवाओं को शीघ्र फिर से बहाल करने की आवश्यकता भी बताई।

बयान के मुताबिक पलाली हवाई अड्डे के दौरे के दौरान झा ने हवाई अड्डे पर बुनियादी ढांचे के विकास के माध्यम से हवाई संपर्क मजबूत करने की संभावनाओं पर विचार किया। भारत की विमानन कंपनी ‘अलायंस एयर’ ने 2023 में चेन्नई से पलाली के बीच उड़ानो की शुरुआत की थी जिसके बाद श्रीलंका ने इस हवाई अड्डे के रनवे विस्तार के लिए भारत से वित्तीय सहायता मांगी।

बयान के मुताबिक, भारत और श्रीलंका के बीच समृद्ध और साझा सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करते हुए उच्चायुक्त ने ऐतिहासिक राम सेतु पर प्रार्थना की। उन्होंने प्राचीन तिरुकेथीस्वरम मंदिर में भी दर्शन किए जिसका भारत सरकार के अनुदान से जीर्णोद्धार कराया गया है।

बयान में कहा गया, ‘‘ 70 अरब श्रीलंकाई रुपये से अधिक की सहायता के साथ श्रीलंका के साथ भारत की बहुआयामी विकास सहयोग साझेदारी में उत्तरी प्रांत केंद्र में रहा है। यह यात्रा क्षेत्र के लोगों के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराने का एक अवसर था।’’

बयान के मुताबिक, उच्चायुक्त ने जाफना में भारतीय शांति रक्षक बल (आईपीकेएफ) के स्मारक पर श्रीलंका में सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारत के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। झा ने दिसंबर 2023 में श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया था।

First Published : February 18, 2024 | 11:28 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)