लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका देते हुए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। ऐसी अटकलें हैं कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को लिखे एक पत्र में चव्हाण (65) ने कहा कि वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को भी विधायक के रूप में अपना इस्तीफा सौंपा। चव्हाण के कांग्रेस छोड़ने से कुछ दिन पहले महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा ने भी पार्टी छोड़ी दी थी। चव्हाण के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘आगे-आगे देखो होता है क्या।’
फैसला एक-दो दिन में करूंगा: चव्हाण
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है और एक दो दिनों में अपने अगले राजनीतिक कदम पर फैसला करेंगे। चव्हाण ने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं कांग्रेस पार्टी में होने वाली किसी भी बात को लेकर सार्वजनिक मंच पर चर्चा नहीं करने जा रहा हूं।’
पूर्व मुख्यमंत्री ने उनके अगले राजनीतिक कदम के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह अगले दो दिनों में इस पर फैसला करेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या वह भाजपा में शामिल होंगे, चव्हाण ने कहा, ‘मैंने भाजपा में शामिल होने पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है, भाजपा की कार्य प्रणाली के बारे में नहीं जानता।’