भारत

PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर का किया उद्घाटन

पीएम मोदी ने यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल प्राचीन नालंदा के खंडहरों का बुधवार को दौरा किया।

Published by
भाषा   
Last Updated- June 19, 2024 | 12:14 PM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को बिहार के राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर का उद्घाटन किया। विश्वविद्यालय का नया परिसर विश्व धरोहर स्थल प्राचीन ‘‘ नालंदा महाविहार ’’ स्थल के करीब है।

विश्वविद्यालय के नये परिसर का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल राजेंद्र वी आर्लेकर , मुख्यमंत्री नीतीश कुमार , केंद्रीय मंत्री विदेश मंत्री एस जयशंकर और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर के उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने राजगीर में यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल ‘‘ नालंदा महाविहार ’’ का भ्रमण और अवलोकन किया। नालन्दा विश्वविद्यालय की स्थापना पाँचवीं शताब्दी में हुई थी जिसने दुनिया भर से छात्रों को आकर्षित किया। विशेषज्ञों के अनुसार 12 वीं शताब्दी में आक्रमणकारियों द्वारा नष्ट किए जाने से पहले यह प्राचीन विश्वविद्यालय 800 वर्षों तक फलता – फूलता रहा। नए विश्वविद्यालय ने 2014 में 14 छात्रों के साथ एक अस्थायी स्थान पर काम करना शुरू किया।

विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य 2017 में शुरू हुआ। इस विश्वविद्यालय में भारत के अलावा 17 अन्य देशों ऑस्ट्रेलिया , बांग्लादेश , भूटान , ब्रुनेई , दारुस्सलाम , कंबोडिया , चीन , इंडोनेशिया , लाओस , मॉरीशस , म्यांमा , न्यूजीलैंड , पुर्तगाल , सिंगापुर , दक्षिण कोरिया , श्रीलंका , वियतनाम और थाईलैंड की भागीदारी है। इन देशों ने विश्वविद्यालय के समर्थन में समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं।

First Published : June 19, 2024 | 11:30 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)