भारत

NEET, UGC-NET row: नीट-नेट ‘पेपर लीक’ विवाद के बीच NTA महानिदेशक पद से हटाए गए

आईटीपीओ के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक प्रदीप सिंह खरोला को नियमित नियुक्ति किए जाने तक परीक्षा एजेंसी के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- June 23, 2024 | 8:39 AM IST

प्रतियोगी परीक्षाओं नीट और यूजीसी-नेट में कथित अनियमितताओं को लेकर बड़े पैमाने पर उठे विवाद के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक सुबोध सिंह को शनिवार को पद से हटा दिया गया।

इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि सिंह को अगले आदेश तक कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) में ‘अनिवार्य प्रतीक्षा’ में रखा गया है। भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक प्रदीप सिंह खरोला को नियमित नियुक्ति किए जाने तक परीक्षा एजेंसी के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इस बारे में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘एनटीए महानिदेशक को कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग में अनिवार्य प्रतीक्षा में रखा गया है। प्रदीप सिंह खरोला को अगले आदेश तक एनटीए महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।’’

सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) को रद्द कर दिया है, जबकि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-स्नातक) में भी ‘पेपर लीक’ के आरोप हैं और इसे रद्द करने की मांग की जा रही है।

First Published : June 23, 2024 | 8:39 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)