भारत

Mann Ki Baat: SCO समिट से पहले PM मोदी का देश को संदेश; प्राकृतिक आपदा, UPSC और खेलो इंडिया पर कही ये बात

Mann Ki Baat: UPSC से नौकरी तक और कश्मीर से चीन तक… PM मोदी की 'मन की बात' के अहम बिंदु...

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- August 31, 2025 | 12:34 PM IST

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं, जम्मू-कश्मीर की उपलब्धियों, UPSC उम्मीदवारों के लिए नए अवसर और खेलों को लेकर कई अहम बातें साझा कीं।

आपदाओं पर सरकार की कोशिशें

पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में पहाड़ी इलाकों में बारिश ने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। ऐसे हालात में NDRF, SDRF और सुरक्षाबलों ने चौबीसों घंटे काम करके लोगों की मदद की और राहत पहुंचाई।

जम्मू-कश्मीर में नई कामयाबियां

प्रधानमंत्री ने कहा कि पुलवामा के स्टेडियम में डे-नाइट क्रिकेट मैच खेला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यह पहले सोचना भी मुश्किल था।
इसके अलावा, श्रीनगर की डल झील में खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल हुआ, जिसमें देशभर से 800 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।

UPSC उम्मीदवारों के लिए नई पहल

पीएम मोदी ने कहा कि कई प्रतिभाशाली युवा UPSC परीक्षा में मामूली अंतर से सफल नहीं हो पाते। उनके लिए सरकार ने ‘प्रतिभा सेतु’ नामक डिजिटल पोर्टल शुरू किया है। इस प्लेटफॉर्म पर 10 हजार से ज्यादा युवाओं का डेटाबेस है, जिसका इस्तेमाल निजी कंपनियां भी भर्ती के लिए कर सकेंगी।

शहडोल के खिलाड़ियों को जर्मनी में ट्रेनिंग

प्रधानमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश के शहडोल में फुटबॉल खेल को लेकर नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। इसी को देखते हुए जर्मनी के एक कोच ने वहां के खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देने की इच्छा जताई है।

विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं

पीएम मोदी ने 17 सितंबर को मनाई जाने वाली विश्वकर्मा जयंती की बधाई दी और ‘विश्वकर्मा योजना’ के बारे में भी जानकारी दी।

हैदराबाद मुक्ति संग्राम का जिक्र

पीएम मोदी ने सरदार पटेल के नेतृत्व में हुए ऑपरेशन पोलो को याद किया। उन्होंने कहा कि अगले महीने देश हैदराबाद लिब्रेशन डे मनाएगा, जो निजाम के शासन से आजादी की याद दिलाता है।

कहां सुनें ‘मन की बात’

यह कार्यक्रम आकाशवाणी, दूरदर्शन, डीडी न्यूज, पीएम मोदी और पीएमओ के यूट्यूब चैनलों सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सुना और देखा जा सकता है।

विदेश दौरे पर प्रधानमंत्री

फिलहाल प्रधानमंत्री मोदी विदेश दौरे पर हैं। जापान यात्रा के बाद वह चीन पहुंचे हैं, जहां वह SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। यहां उनकी मुलाकात चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हुई।

First Published : August 31, 2025 | 12:32 PM IST