भारत

Kalkaji Temple Stampede: कालकाजी मंदिर में ‘जागरण’ के दौरान बहुत भीड़ थी- पीड़ितों, मंदिर अधिकारियों ने बताई हादसे की वजह

Kalkaji Temple Stampede: मंच गिरने के बाद जब कालकाजी मंदिर से घायल लोगों को लाया गया तो एम्स ट्रॉमा सेंटर के गलियारों में अफरा-तफरी मच गई।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 30, 2024 | 9:14 AM IST

Kalkaji Temple Stampede: कालकाजी मंदिर में धार्मिक समारोह में उम्मीद से ज्यादा लोग आए थे, जिसके बाद वहां बना एक मंच ढह गया जिससे एक महिला की मौत हो गई और 17 अन्य लोग घायल हो गए। पीड़ितों और मंदिर अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मंच गिरने के बाद जब कालकाजी मंदिर से घायल लोगों को लाया गया तो एम्स ट्रॉमा सेंटर के गलियारों में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल कर्मियों के मुताबिक शनिवार रात 1.22 बजे से रविवार सुबह 10.26 बजे तक घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया जाता रहा।

आपातकालीन विभाग में एक नर्स समन्वयक ने सोमवार को कहा, “यहां कुल 14 घायलों को भर्ती कराया गया था, जिनमें से अधिकतर को सुबह छुट्टी दे दी गई।’’ कालकाजी मंदिर में शनिवार देर रात जागरण के दौरान मंच गिरने से एक महिला की मौत हो गई थी और 17 श्रद्धालु घायल हो गए थे।

इस घटना में गंभीर रूप से घायल होने वालों में से एक अलका ने कहा कि प्रबंधन समारोह में आए लोगों की संख्या को संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं था। महिला ने कहा कि वह अपनी दो रिश्तेदारों के साथ जागरण में गई थी, जिनमें से एक को मामूली चोट लगने के बाद अस्पताल लाया गया था। गंभीर चोट के कारण अलका के बाएं पैर का ऑपरेशन करना पड़ा।

उन्होंने कहा, “भीड़ बढ़ने से पहले तक सब कुछ ठीक था।” उसने बताया, चूंकि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई प्रबंधन नहीं था, इसलिए मंच ढह गया। अलका ने कहा कि वह एक “भयानक अनुभव” था।

First Published : January 30, 2024 | 9:14 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)