भारत

तृणमूल कांग्रेस के फरार नेता शाहजहां शेख के सहयोगियों के आवासों पर ईडी के छापे

यह छापेमारी शाहजहां शेख और उसके सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी करके जमीन हड़पने के एक पुराने मामले से संबंधित है।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 23, 2024 | 1:42 PM IST

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धोखाधड़ी से जमीन हड़पने के एक पुराने मामले में तृणमूल कांग्रेस के फरार नेता शाहजहां शेख से जुड़े कारोबारियों के आवासों पर शुक्रवार को छापे मारे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईडी ने हावड़ा, विजयगढ़ और बिराती सहित शहर में और उसके आसपास के पांच अलग-अलग स्थानों पर शुक्रवार को सुबह छापेमारी शुरू की। अधिकारी ने कहा, ‘‘यह छापेमारी शाहजहां शेख और उसके सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी करके जमीन हड़पने के एक पुराने मामले से संबंधित है। ये लोग शाहजहां के साथ मछली के कारोबार में शामिल थे। हम कुछ विशिष्ट दस्तावेजों की तलाश कर रहे हैं।’’

अधिकारी ने बताया कि ईडी मामले की सूचना रिपोर्ट के तौर पर आमतौर पर ईसीआईआर दर्ज करती है और यह आपराधिक मामलों में प्राथमिकी के समान होती है। अधिकारी ने बताया कि ईडी के अधिकारियों ने बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों के साथ हावड़ा के हलदरपारा में पार्थप्रतिम सेनगुप्ता नाम के मछली व्यापारी के आवास पर छापे मारे। उत्तर 24 परगना जिले के बिराती में स्थानीय व्यवसायी अरुण सेनगुप्ता के घर और शहर के बिजॉयगढ़ इलाके में अरुण शोम के आवास सहित चार स्थानों पर छापे की कार्रवाई जारी है।

उन्होंने कहा,‘‘ ये व्यवसायी आयात और निर्यात के कारोबार में भी शाहजहां के साथ थे। हम यह पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ कर रहे हैं कि वे किस प्रकार का कारोबार करते थे और शाहजहां उनसे किस प्रकार से जुड़ा था। इस बीच केन्द्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को शाहजहां को करोड़ों रुपये के राशन घोटाले में उसकी कथित संलिप्तता के संबंध में नया समन जारी किया और उसे 29 फरवरी को अधिकारियों के समक्ष पेश होने को कहा। शाहजहां को ईडी की ओर से जारी किया गया यह चौथा समन है।

उसने पहले जारी समन का पालन नहीं किया। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के दल पर पांच जनवरी को भीड़ ने उस समय हमला कर दिया था जब उन्होंने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में शाहजहां के आवास में प्रवेश करने की कोशिश की थी। इस हमले में तीन अधिकारी घायल हो गए थे। शाहजहां तभी से फरार है। जिला पुलिस और शेख के परिवार के सदस्यों ने ईडी अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। संदेशखालि में स्थानीय महिलाओं ने शाहजहां शेख और उनके समर्थकों पर जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है जिसके बाद से यह स्थान सुर्खियों में है। पुलिस ने अब तक तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं और शाहजहां के एक करीबी सहयोगी सहित 18 लोगों को गिरफ्तार किया है।

First Published : February 23, 2024 | 1:42 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)