भारत

Delhi Fire: नरेला में खाद्य प्रसंस्करण इकाई में आग लगने से 3 लोगों की मौत, 6 घायल

पुलिस ने बताया कि सुबह तीन बजकर 35 मिनट पर सूचना मिली कि सूखी मूंग दाल का प्रसंस्करण करने वाले श्याम कृपा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी में आग लग गई है।

Published by
भाषा   
Last Updated- June 08, 2024 | 9:36 AM IST

राष्ट्रीय राजधानी के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक खाद्य प्रसंस्करण इकाई में शनिवार तड़के आग लगने और फिर विस्फोट होने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सुबह तीन बजकर 35 मिनट पर सूचना मिली कि सूखी मूंग दाल का प्रसंस्करण करने वाले श्याम कृपा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी में आग लग गई है।

अधिकारी ने कहा कि आग ने फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ श्रमिक उसमें फंस गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने सुबह करीब 8.30 बजे बताया कि दमकल विभाग की 14 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग बुझाने का काम अब भी जारी है।

उन्होंने बताया कि इमारत से नौ लोगों को बचाया गया और उन्हें नरेला के एसएचआरसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अस्पताल के चिकित्सकों ने इनमें से तीन लोगों श्याम (24), राम सिंह (30) और बीरपाल (42) को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक आग लगने का कारण पाइपलाइन में से एक से गैस का रिसाव होना है। उन्होंने बताया कि उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

First Published : June 8, 2024 | 9:36 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)