अर्थव्यवस्था

बेरोजगारी दर को लेकर NSSO का बड़ा खुलासा, हिमाचल के शहरों में सबसे ज्यादा तो गुजरात में सबसे कम लोग बेरोजगार

आंकड़ों से पता चलता है कि जुलाई-सितंबर तिमाही 2023 में देश के शहरों में 15-29 आयु वर्ग में कुल बेरोजगारी 22.9 प्रतिशत थी, जबकि महिलाओं में यह 15.5 प्रतिशत थी।

Published by
भाषा   
Last Updated- December 04, 2023 | 11:27 PM IST

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 15 से 29 वर्ष के उम्र समूह के बीच हिमाचल प्रदेश शहरी इलाकों में 33.9 प्रतिशत बेरोजगारी दर के साथ सबसे आगे रहा जबकि 30.2 प्रतिशत बेरोजगारी के साथ राजस्थान दूसरे स्थान पर रहा। राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण कार्यालय (NSSO) के जुलाई-सितंबर, 2023 तिमाही के लिए श्रमबल सर्वेक्षण (PLFS) आंकड़ों से यह तथ्य सामने आया है।

इससे यह भी पता चला है कि शहरी क्षेत्रों में 15-29 आयु वर्ग की महिलाओं में बेरोजगारी दर बीती तिमाही में हिमाचल प्रदेश में 49.2 प्रतिशत के साथ सर्वाधिक रही जबकि पुरुषों की बेरोजगारी दर 25.3 प्रतिशत थी।

राजस्थान के मामले में इस तिमाही में शहरों में महिलाओं में बेरोजगारी दर 39.4 प्रतिशत थी, जबकि पुरुषों में यह 27.2 प्रतिशत थी।

श्रम बल में बेरोजगार लोगों के प्रतिशत के रूप में बेरोजगारी दर को परिभाषित किया जाता है। जम्मू-कश्मीर में भी शहरी इलाकों में इस आयु वर्ग में बेरोजगारी की उच्च दर 29.8 प्रतिशत दर्ज की गई। इस तिमाही के दौरान महिलाओं में बेरोजगारी 51.8 प्रतिशत थी जबकि पुरुषों में बेरोजगारी दर 19.8 प्रतिशत थी।

आंकड़ों से पता चलता है कि वर्तमान साप्ताहिक स्थिति के अनुसार देश में शहरों में 15-29 आयु वर्ग में कुल बेरोजगारी 17.3 प्रतिशत थी। सर्वेक्षण से पहले के सात दिनों में गतिविधि की स्थिति को वर्तमान साप्ताहिक स्थिति (CWS) कहा जाता है।

आंकड़ों से पता चलता है कि जुलाई-सितंबर तिमाही 2023 में देश के शहरों में 15-29 आयु वर्ग में कुल बेरोजगारी 22.9 प्रतिशत थी, जबकि महिलाओं में यह 15.5 प्रतिशत थी।

देश के 22 राज्यों में किए गए सर्वेक्षण के मुताबिक, इसी तिमाही में 15-29 प्रतिशत आयु वर्ग के युवाओं में सबसे कम बेरोजगारी दर गुजरात में 7.1 प्रतिशत थी और उसके बाद दिल्ली में यह 8.4 प्रतिशत थी।

NSSO ने अप्रैल, 2017 में पहला तिमाही आधार पर श्रमबल सर्वेक्षण किया था। इसे हर तिमाही जारी किया जाता है।

First Published : December 4, 2023 | 5:49 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)