अर्थव्यवस्था

Forex Reserves: लगातार चौथे सप्ताह गिरा विदेशी मुद्रा भंडार, 3.79 अरब डॉलर घटकर 586.91 अरब डॉलर पर

रिजर्व बैंक ने बताया कि बीते सप्ताह में देश गोल्ड रिजर्व भंडार (Gold reserves) का मूल्य 57.6 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 43.731 अरब डॉलर रहा।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- October 06, 2023 | 8:06 PM IST

India’s Foreign Reserves: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Reserve) में लगातार चौथे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई और यह 29 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 3.794 अरब डॉलर गिर गया।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 22 सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.335 अरब डॉलर कम होकर 590.702 अरब डॉलर पर रहा था।

अक्टूबर 2021 में रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया था भंडार

इससे पहले अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया था। बता दें कि ग्लोबल लेवल पर जारी घटनाक्रम के कारण पैदा हुए दबावों के बीच रिजर्व बैंक ने डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर में गिरावट थामने के लिए इस पूंजी भंडार का उपयोग किया था जिससे विदेशी मुद्राभंडार प्रभावित हो रहा है।

आरबीआई की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार, 29 सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा संपत्ति 3.127 अरब डॉलर घटकर 520.236 अरब डॉलर रह गया।

डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

रिजर्व बैंक ने बताया कि बीते सप्ताह में देश गोल्ड रिजर्व भंडार (Gold reserves) का मूल्य 57.6 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 43.731 अरब डॉलर रहा। इसके अलावा विशेष आहरण अधिकार (SDRs) 7.4 करोड़ डॉलर घटकर 17.939 अरब डॉलर हो गए।

केंद्रीय बैंक के आंकड़ों से पता चलता है कि समीक्षाधीन सप्ताह में आईएमएफ के साथ देश की आरक्षित स्थिति भी 1.8 करोड़ डॉलर कम होकर 5.002 अरब डॉलर हो गई।

First Published : October 6, 2023 | 7:19 PM IST