कंपनियां

Vistara Airline: विस्तारा एयरलाइन के 15 से ज्यादा पायलटों ने दिया इस्तीफा, Tata Group की कंपनी से जताई नाराजगी

Vistara पिछले कुछ सप्ताह से पायलटों के बीच बढ़ते असंतोष से जूझ रही है। इस दौरान एयरलाइन के A320 विमानों के कई पायलट खुद को अस्वस्थ बताते हुए अनुपस्थित हो गए हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 02, 2024 | 8:15 PM IST

वेतन पैकेज में संशोधन का विरोध कर रहे विस्तारा एयरलाइन के 15 पायलटों ने पिछले कुछ दिन में एयरलाइन से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह एयरलाइन प्रतिदिन 300 से कुछ अधिक उड़ानों का परिचालन करती है और इसके पास 70 विमानों का बेड़ा है।

टाटा समूह की एयरलाइन विस्तारा पिछले कुछ सप्ताह से पायलटों के बीच बढ़ते असंतोष से जूझ रही है। इस दौरान एयरलाइन के ए320 विमानों के कई पायलट खुद को अस्वस्थ बताते हुए अनुपस्थित हो गए।

सूत्रों के मुताबिक, विस्तारा के कम-से-कम 15 पायलटों ने इस्तीफा दे दिया है और एक घरेलू किफायती एयरलाइन से जुड़ गए हैं। हालांकि, इस बारे में विस्तारा के प्रवक्ता ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

एयरलाइन में लगभग 800 पायलट हैं और इस्तीफा देने वाले वरिष्ठ प्रथम अधिकारियों ने अपना रूपांतरण प्रशिक्षण पूरा कर लिया था जिससे उन्हें बड़े आकार के बोइंग 787 विमानों को संचालित करने की अनुमति मिली।

एयर इंडिया के साथ विलय योजना के दौर से गुजर रही विस्तारा ने पायलटों के लिए नए अनुबंध पेश किए हैं। लेकिन विस्तारा के कई पायलट इसका विरोध कर रहे हैं क्योंकि मुआवजे के निश्चित घटक को कम कर दिया गया है और उड़ान-संबद्ध प्रोत्साहनों पर जोर दिया गया है।

पिछले कुछ सप्ताह में चालक दल की अनुपलब्धता होने से विस्तारा के विमान परिचालन पर असर पड़ा है और कई उड़ानों को रद्द करना पड़ रहा है। इस पर विमानन नियामक डीजीसीए ने एयरलाइन को एक दैनिक रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है।

First Published : April 2, 2024 | 8:15 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)