कंपनियां

Stellantis की भारत को इलेक्ट्रिक वाहन का निर्यात केंद्र बनाने की योजना

Stellantis India ने गुरुवार को इंडोनेशिया में 500 इकाइयों का निर्यात करने के साथ अपनी ‘मेड इन इंडिया’ ‘ई-सी3’ इलेक्ट्रिक कार का निर्यात शुरू किया।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 12, 2024 | 9:08 AM IST

वाहन बनाने वाली प्रमुख वैश्विक कंपनी स्टेलांटिस की योजना भारत को इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) का निर्यात केंद्र बनाने की है। स्टेलांटिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कंपनी ने शुरुआत में दक्षिण-एशियाई बाजारों को लक्ष्य बनाया है।

स्टेलांटिस इंडिया ने गुरुवार को इंडोनेशिया में 500 इकाइयों का निर्यात करने के साथ अपनी ‘मेड इन इंडिया’ ‘ई-सी3’ इलेक्ट्रिक कार का निर्यात शुरू किया।

स्टेलांटिस इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक आदित्य जयराज ने पीटीआई-भाषा से कहा, “हम यह उपलब्धि हासिल करने वाले (ईवी निर्यात करने वाले) भारत में पहले बहुराष्ट्रीय ओईएम (मूल उपकरण विनिर्माता) होंगे। हमारी नेपाल और भूटान जैसे कुछ अन्य बाजारों के लिए भी योजनाएं हैं। यह तो बस शुरुआत है…योजना इसे वहीं से आगे ले जाने की है।”

ई-सी3 के निर्यात की शुरुआत के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “हम सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ (भारत में बनाओ) पहल के प्रति समर्पित हैं। हम एक कंपनी के तौर पर स्टेलांटिस के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण पहलू के रूप में इसपर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।”

First Published : April 12, 2024 | 9:08 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)