उत्तराखंड से पहली नैनो निकालने के लिए तैयार टाटा मोटर्स को राज्य सरकार ने आज पंतनगर में संयंत्र लगाने के लिए तकरीबन 45 एकड़ जमीन दे दी।
पंतनगर में औद्योगिक इकाई के विस्तार के लिए कंपनी को यह जमीन आवंटित की गई है, जिसके बाद कंपनी का जोश काफी बढ़ गया है। जमीन आवंटन का यह फैसला राज्य सरकार की उच्च स्तरीय कमेटी ने लिया है, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री भुवन चंद खंडूड़ी ने की।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी का कहना है, ‘चूंकि टाटा मोटर्स उत्तराखंड से अपनी पहली नैनो पेश करना चाहती थी, इसलिए हमने उसे तरजीह दी है।’हालांकि पंतनगर में आवासीय परिसर के लिए 55 एकड़ जमीन की कंपनी की मांग पर अभी फैसला नहीं हुआ है।
सूत्रों का कहना है ऑटो क्षेत्र की दिग्गज कंपनी की योजना पंतनगर में नैनो के लिए रेलयार्ड बनाने की है। टाटा मोटर्स मौजूदा समय में अपने पंतनगर के ट्रक संयंत्र में एस ट्रक का निर्माण करती है। इसके अलावा कंपनी सालाना कुल 50,000 कारें भी पंतनगर संयंत्र में बना सकती है।