टाटा मोटर्स का लक्ष्य वाणिज्यिक वाहन बनाने वाली दुनिया की शीर्ष चार कंपनियों में शामिल होने का है। वह इटली के इवेको ग्रुप के प्रस्तावित अधिग्रहण पर आगे बढ़ रही है। चेयरमैन एन चंद्रशेखरन का कहना है कि इस संयुक्त कारोबार से अगले पांच साल के दौरान सालाना राजस्व मौजूदा करीब 25 अरब डॉलरसे बढ़कर 35 से 40 अरब डॉलर हो जाने की उम्मीद है। इससे कंपनी का वैश्विक विस्तार और तकनीकी क्षमताएं काफी मजबूत होंगी।
सोमवार को कंपनी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों के बीच चंद्रशेखरन ने इस अधिग्रहण को टाटा मोटर्स की अंतरराष्ट्रीय विस्तार रणनीति में अहम कदम बताया। चंद्रशेखरन ने कहा, ‘इवेको ग्रुप का यह प्रस्तावित अधिग्रहण आपकी कंपनी की वैश्विक महत्त्वकांक्षाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण रणनीतिक कदम है।’ उन्होंने कहा, ‘एक साथ मिलकर हम वैश्विक स्तर पर शीर्ष चार वाणिज्यिक वाहन कंपनियों में शुमार होने के लिए दक्षता बढ़ाएंगे, विस्तार और विकास करेंगे।’
शेयरधारकों के सवालों के जवाब में चंद्रशेखरन ने कहा कि प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए रकम का इंतजाम कर्ज और आंतरिक नकदी के जरिये किया जाएगा और कर्ज का भुगतान इवेको ग्रुप के भविष्य के नकदी प्रवाह से किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इसके लिए इक्विटी में कोई कमी नहीं की जाएगी।
कंपनी को उम्मीद है कि यह अधिग्रहण वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही तक पूरा हो जाएगा, जो नियामक मंजूरियों पर निर्भर करेगा।