कंपनियां

42% टूटने के बाद फोकस में लौटा Engineering Stock, NHAI से मिला ₹4.50 करोड़ का बड़ा ऑर्डर

आज ध्रुव कंसल्टेंसी का शेयर BSE पर 0.98% की गिरावट के साथ ₹86.30 पर बंद हुआ।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 26, 2025 | 6:36 PM IST

ध्रुव कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड को एक नया ठेका मिला है। कंपनी काईअस कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल में नेशनल हाईवे 116A के एक हिस्से को बनाने के लिए इंडेपेंडेंट इंजीनियरिंग सेवाएं देगी। यह प्रोजेक्ट भारतमाला परियोजना के तहत मयूराक्षी ब्रिज अप्रोच से मोरेग्राम सेक्शन (180.000 से 230.957 किलोमीटर) तक चार लेन के इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण से जुड़ा है।

इस ठेके की कुल कीमत ₹4.50 करोड़ (जीएसटी छोड़कर) है। निर्माण कार्य 24 महीने में पूरा होगा और इसके बाद 24 महीने का डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड रहेगा। कंपनी को यह ऑर्डर 26 फरवरी 2025 को मिला है।

शेयर में गिरावट, 6 महीने में 42% का नुकसान

आज ध्रुव कंसल्टेंसी का शेयर BSE पर 0.98% की गिरावट के साथ ₹86.30 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में कंपनी के शेयर में 42% की गिरावट आई है। हालांकि, बीते 1 साल में 2%, 2 साल में 57%, 3 साल में 71% और 5 साल में 233% का रिटर्न दिया है।

कंपनी के मुनाफे में 20% की गिरावट

दिसंबर 2024 तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 20.37% घटकर ₹2.15 करोड़ रह गया, जो पिछले साल दिसंबर 2023 में ₹2.70 करोड़ था। वहीं, कंपनी की बिक्री भी 2.70% घटकर ₹21.99 करोड़ रह गई, जो पिछले साल ₹22.60 करोड़ थी।

First Published : February 26, 2025 | 6:29 PM IST