रियल एस्टेट

Ultra luxury housing-Gurugram: मुंबई को पीछे छोड़ गुरुग्राम ने रचा हाई-एंड हाउसिंग में इतिहास

गुरुग्राम बना देश का नया लग्ज़री हब, ₹10 करोड़+ मकानों की रिकॉर्ड बिक्री, 3 साल में मूल्य में बिक्री 6 गुना और संख्या में 10 गुना बढ़ी

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- February 23, 2026 | 3:49 PM IST
Ultra luxury housing-Gurugram: गुरुग्राम भारत का सबसे तेजी से बढ़ता हुआ हाई-एंड लग्जरी आवासीय बाज़ार बनकर उभरा है। इस मार्केट में अल्ट्रा लग्जरी मकानों ( ₹10 करोड़ और उससे अधिक कीमत) की जमकर बिक्री हो रही है।  तीन साल में इन मकानों का कारोबार  6 गुना बढ़ चुका है।  यह जानकारी India Sotheby’s International Realty (ISIR) और CRE Matrix द्वारा जारी नवीनतम हाई-एंड लक्जरी हाउसिंग रिपोर्ट में सामने आई है।

2025 में कितनी हुए अल्ट्रा लग्जरी मकानों की बिक्री?

इस रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 गुरुग्राम के अल्ट्रा-लग्जरी हाउसिंग सेगमेंट के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हुआ, जिसमें ₹10 करोड़ और उससे अधिक कीमत वाले लगभग 1,494 घरों की बिक्री हुई, जो शहर में किसी भी 12 माह की अवधि में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।  गुरुग्राम ने 2025 में ₹10 करोड़ और उससे अधिक कीमत वाले लक्ज़री घरों की कुल बिक्री मूल्य के मामले में मुंबई को भी पीछे छोड़ दिया है, जिससे यह भारत में हाई-एंड आवासीय वृद्धि का प्रमुख केंद्र बन गया है।

तीन वर्ष में बिक्री कई गुना बढ़ी

पिछले दो वर्षों में अल्ट्रा-लग्जरी मकानों की बिक्री में लगभग दस गुना वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023 में मात्र 155 मकान बिके थे, 2025 में ये आंकड़ा करीब 10 गुना बढ़कर से लगभग 1,500 हो गया। बिक्री मूल्य के लिहाज से बात करें तो इस दौरान बिक्री मूल्य ₹4,004 करोड़ से बढ़कर  ₹24,119 करोड़ हो गया। 6 गुना की वृद्धि अल्ट्रा-प्रीमियम आवासीय बाज़ार में असाधारण तेजी को दर्शाता है। साथ ही यह वृद्धि घरेलू संपत्ति सृजन, उच्च-नेट-वर्थ (HNI) और अल्ट्रा-HNI निवेशकों की बढ़ती भागीदारी, तथा गुरुग्राम के रियल एस्टेट बाज़ार में वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

खरीदारों को गुरुग्राम में भा रहे हैं बड़े आकार के मकान

इस रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2025 में बिके लग्जरी घरों का औसत आकार लगभग 5,000 वर्ग फुट रहा, जो बड़े और उच्च-गुणवत्ता वाले आवासों की मांग को दर्शाता है।4,000–6,000 वर्ग फुट का सेगमेंट मूल्य के लिहाज़ से सबसे अधिक हिस्सेदारी वाला रहा, जबकि 8,000 वर्ग फुट से अधिक क्षेत्रफल वाले घरों ने कुल मूल्य में लगभग 22% योगदान दिया, जो बड़े और प्रीमियम आवासों की मजबूत मांग को दर्शाता है।
इंडिया सदबीज इंटरनेशनल रियल्टी (ISIR) में एरिया डायरेक्टर टीना तलवार ने कहा “विशेष रूप से उल्लेखनीय यह है कि यह वृद्धि अब केवल पारंपरिक प्रतिष्ठित इलाकों तक सीमित नहीं रही है। उभरते माइक्रो-मार्केट जैसे Dwarka Expressway, Golf Course Road और Golf Course Extension Road सामूहिक रूप से संरचनात्मक विस्तार को गति दे रहे हैं, जिसे बुनियादी ढांचे के उन्नयन, बेहतर प्रोजेक्ट लॉन्च और बेहतर कनेक्टिविटी का समर्थन मिल रहा है।”

द्वारका एक्सप्रेसवे में भी आया बूम

रिपोर्ट के अनुसार, Dwarka Expressway में लेनदेन मूल्य में 2,079% की असाधारण वृद्धि दर्ज की गई, जो वर्ष 2024 में ₹383 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025 में ₹8,347 करोड़ हो गया। यह बड़े पैमाने पर लक्ज़री लॉन्च और बेहतर बुनियादी ढांचे से समर्थित रहा। Golf Course Extension Road (GCRE) में 379% की वृद्धि दर्ज की गई, जहां वेटेड एवरेज कीमत ₹24,855 प्रति वर्ग फुट से बढ़कर ₹37,899 प्रति वर्ग फुट हो गई। वहीं, पारंपरिक प्रीमियम कॉरिडोर जैसे Golf Course Road में सीमित नई इन्वेंट्री के कारण बिक्री में अपेक्षाकृत संतुलन देखा गया।

आईपीओ की कमाई से भी बढ़ रही लग्जरी मकानों की बिक्री

CRE Matrix के सह-संस्थापक एवं सीईओ अभिषेक किरण गुप्ता ने कहा कि पिछले दो वर्षों में लक्ज़री सेगमेंट में लगभग दस गुना वृद्धि सतत खरीदार विश्वास, मजबूत पूंजी प्रवाह और उच्च-नेट-वर्थ व्यक्तियों के विस्तारित आधार को दर्शाती है। खरीदार प्रमुख लोकेशन, श्रेष्ठ निर्माण गुणवत्ता और ब्रांडेड, सुविधासंपन्न परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह गति व्यापक पूंजी निर्माण से भी सुदृढ़ हो रही है, जहां 2025 में 103 भारतीय कॉरपोरेट्स ने मेन बोर्ड आईपीओ के माध्यम से रिकॉर्ड 19.54 बिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाए, जिससे संस्थापकों और उद्यमियों का एक नया वर्ग लग्जरी हाउसिंग सेगमेंट में प्रवेश कर रहा है।

भूराजनीतिक चिंताओं से सजग निवेशक, रुझान सकारात्मक

इस रिपोर्ट में कहा गया है कि लग्जरी मकानों की बिक्री बढ़ रही है। हालांकि भू-राजनीतिक चुनौतियां बनी हुई हैं, फिर भी खरीदार भावना आशावादी है, हालांकि अपेक्षाएं अब अधिक संतुलित हैं। उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद गुरुग्राम में खरीदारों का रुझान सकारात्मक बना हुआ है, हालांकि वे अब अधिक सजग हैं और लोकेशन, निर्माण मानकों तथा ब्रांडेड एवं सुविधासंपन्न विकास परियोजनाओं पर अधिक ध्यान दे रहे हैं।

रिपोर्ट की खास बातें:

• 2025 में गुरुग्राम में ₹24,120 करोड़ के लग्जरी मकान (₹10 करोड़+) बिके।
• 2025 में 1,494 अल्ट्रा-लग्जरी मकानों की डील हुई, जो 12 महीने के दौरान अब तक की सबसे अधिक है।
• बिक्री धनराशि 2023 में ₹4,004 करोड़ से बढ़कर 2025 में ₹24,119 करोड़ रही।
• 2023 से 2025 तक लग्जरी यूनिटों की बिक्री में लगभग 10 गुना बढ़ोतरी हुई।
• लग्जरी सेगमेंट में मकान का औसत आकार ~5,000 वर्ग फ़ीट रहा।
• वैल्यू के हिसाब से 4,000–6,000 वर्ग फीट कैटेगरी का सबसे अधिक मार्केट शेयर।
• 8,000 वर्ग फीट से बड़े मकानों का वैल्यू में 22% हिस्सा रहा।
• द्वारका एक्सप्रेसवे ने लेन-देन वैल्यू में 2,079% की बढ़ोतरी दर्ज की (₹383 करोड़ से ₹8,347 करोड़)।
• गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड ने बिक्री वैल्यू में 379% की बढ़ोतरी दर्ज की।
First Published : February 23, 2026 | 3:49 PM IST