रियल एस्टेट

बड़े फ्लैट्स की दौड़! क्या अब फ्लैट बन गए हैं स्टेटस सिंबल, लग्जरी हाउसिंग में उफान

शीर्ष 7 शहरों में औसत फ्लैट आकार दो साल में 17% बढ़ा; एनसीआर और हैदराबाद में लग्जरी सेगमेंट की तेज मांग

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- February 19, 2026 | 2:38 PM IST

Luxury Housing Markets in India: अब लोग बड़े और बेहतर फ्लैट की तलाश कर रहे हैं। जिससे रियल एस्टेट के लिए देश के प्रमुख शहरों में फ्लैट के आकार में इजाफा हुआ है। बड़े 3-4 बीएचके और स्टडी रूम वाले फ्लैट अब शीर्ष 7 शहरों में मुख्यधारा बन गए हैं। बड़े आकार के फ्लैट में एनसीआर के रियल्टी मार्केट का दबदबा है क्योंकि इस बाजार में आकार बढ़ने की दर सबसे ज्यादा है। हालांकि हैदराबाद औसत फ्लैट आकार के मामले में सबसे आगे है। कोविड के बाद खरीदारों का जोर लग्जरी फ्लैट खरीदने पर खूब देखने को मिल रहा है।

दो साल में कितना बढ़ा फ्लैट का आकार?

रियल एस्टेट सलाहकार फर्म एनारॉक समूह के अनुसार शीर्ष 7 शहरों में औसत फ्लैट आकार पिछले दो वर्षों में 17 फीसदी बढ़ गया है। 2023 में फ्लैट का औसत आकार 1,420 वर्ग फुट था, जो 2025 में बढ़कर 1,676 वर्ग फुट हो गया। एनारॉक समूह के अध्यक्ष अनुज पुरी कहते हैं कि पिछले एक साल में 8 फीसदी की वृद्धि देखी गई। बड़े 3-4 बीएचके और स्टडी रूम वाले फ्लैट अब शीर्ष 7 शहरों में मुख्यधारा बन गए हैं और इन फ्लैट के खरीदारों पर अधिक दाम का कोई असर नहीं हो रहा है।

Luxury Housing में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शहर

  • एनसीआर में पिछले दो वर्षों में औसत फ्लैट आकार में 30 फीसदी की वृद्धि हुई। 2023 में यह 1,890 वर्ग फुट से बढ़कर 2025 में 2,466 वर्ग फुट हो गया। इस दौरान, एनसीआर में नए लग्जरी फ्लैट (1.5 करोड़ कीमत ) की आपूर्ति में महत्वपूर्ण वृद्धि देखी गई।
  • MMR में पिछले दो वर्षों में औसत फ्लैट आकार में 12 फीसदी की वृद्धि हुई और 2023 में यह 810 वर्ग फुट से बढ़कर 2025 में 904 वर्ग फुट हो गया।
  • कोलकाता और पुणे में औसत फ्लैट आकार में सिंगल डिजिट में वृद्धि देखी गई। कोलकाता में फ्लैट का आकार 2 फीसदी बढ़कर 1,151 वर्ग फुट, जबकि पुणे में यह 5 फीसदी बढ़कर 1,119 वर्ग फुट हो गया।
  • चेन्नई में पिछले दो वर्षों में औसत फ्लैट आकार में 24 फीसदी इजाफा हुआ है। इस शहर में 2023 में फ्लैट का औसत आकार 1,260 वर्ग फुट था, जो 2025 में बढ़कर 1,561 वर्ग फुट हो गया।
  • बेंगलुरु में औसत फ्लैट आकार में 21 फीसदी बढ़ा है। 2023 में आकार 1,484 वर्ग फुट था, जो 2025 में बढ़कर 1,790 वर्ग फुट हो गया।
  • हैदराबाद में औसत फ्लैट आकार में 13 फीसदी की वृद्धि हुई। 2023 में यह 2,299 वर्ग फुट था, जो 2025 में बढ़कर 2,600 वर्ग फुट हो गया। दिलचस्प बात यह है कि 2024 और 2025 के बीच, हैदराबाद में औसत फ्लैट आकार में 24 फीसदी की वृद्धि हुई, जो अन्य शहरों से कहीं अधिक है। इसके साथ ही हैदराबाद औसत फ्लैट आकार के मामले में भी अन्य शहरों से आगे है।

कोविड के बाद… अब Luxury Housing पर जोर

पुरी का कहना है कि लग्जरी रियल एस्टेट अब केवल आवास या निवेश का साधन नहीं रहा, बल्कि यह एक उच्च जीवनशैली और सामाजिक स्थिति का प्रतीक बन चुका है। यहां तक कि ‘साधारण फ्लैट’ के खरीदार भी अब बड़े स्थान, बेहतर लेआउट और उन्नत जीवन मानकों की उम्मीद के साथ बाजार में आ रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं कि कोविड-19 महामारी ने पूरे बाजार पर एक स्थायी मानसिक प्रभाव छोड़ा है।

प्री और पोस्ट-कोविड डेटा ट्रेंड्स की तुलना करने पर यह स्पष्ट होता है कि शीर्ष 7 शहरों में औसत फ्लैट के आकार में 45 फीसदी की वृद्धि हुई है। औसत फ्लैट आकार 2019 में 1,140 वर्ग फुट से बढ़कर 2025 में 1,656 वर्ग फुट हो गया है। एनसीआर में औसत फ्लैट आकार 2025 में 2019 की तुलना में लगभग दोगुना हो गया है। इस मार्केट में लग्जरी फ्लैट की तो बाढ़ आ गई है। 2023 में एनसीआर में 36,735 यूनिट्स लॉन्च हुई थीं, 2025 में यह संख्या 61,775 तक पहुंच गई, और इन सभी में 80 फीसदी हिस्सेदारी लग्जरी फ्लैटों की थी। हैदराबाद में भी इस छह साल की अवधि में औसत आकार में 53 फीसदी की वृद्धि देखी गई है।

First Published : February 19, 2026 | 2:38 PM IST