कंपनियां

घाटा कम करने के लिए Ola इलेक्ट्रिक 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकालेगी, इस फैसले के बाद लुढ़का कंपनी का शेयर

छंटनी की खबर के बाद कंपनी के शेयर में गिरावट देखने को मिली। इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान Ola का शेयर 52-सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया।

Published by
पीरज़ादा अबरार   
Last Updated- March 03, 2025 | 7:53 PM IST

Ola Electric ने करीब 1,000 कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला किया है। यह संख्या कंपनी के कुल 4,000 कर्मचारियों में से लगभग 25% है। इंडस्ट्री के सूत्रों के मुताबिक, यह छंटनी कंपनी के घाटे को कम करने के लिए की जा रही है। छंटनी की खबर के बाद कंपनी के शेयर में भारी गिरावट देखी गई। Ola का शेयर इंट्राडे ट्रेडिंग में 52-सप्ताह के निचले स्तर 53.7 रुपए तक पहुंच गया, हालांकि बाद में यह थोड़ा सुधरकर 55.18 रुपए पर बंद हुआ, जो 2.94% की गिरावट को दर्शाता है।

सूत्रों के मुताबिक, नवंबर 2024 में भाविश अग्रवाल की अगुवाई वाली कंपनी ने पुनर्गठन प्रक्रिया शुरू की थी। इसका असर प्रोक्योरमेंट, फुलफिलमेंट, कस्टमर रिलेशन और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे कई विभागों पर पड़ा है।

Ola के प्रवक्ता ने कहा, “हमने अपने फ्रंट-एंड ऑपरेशंस को पुनर्गठित और स्वचालित किया है, जिससे मार्जिन में सुधार हुआ है, लागत घटी है और अनुभव बेहतर हुआ है। हमने प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए उन पदों को खत्म किया गया है जिसकी जरूरत नहीं है।” हालांकि, प्रवक्ता ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कुल कितने कर्मचारियों की छंटनी की गई है।

बता दें कि Ola इलेक्ट्रिक ने अगस्त 2024 में अपना IPO लॉन्च किया था, जो 2 अगस्त से 6 अगस्त तक खुला था। इस IPO को अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन इसके बाद कंपनी के शेयर में भारी गिरावट आई है। अगस्त में अपनी मजबूत लिस्टिंग के बाद से Ola इलेक्ट्रिक का शेयर 60% से ज्यादा गिर चुका है।

बढ़ती शिकायतें और घटती बाजार हिस्सेदारी

Ola इलेक्ट्रिक को हाल के महीनों में ग्राहकों की बढ़ती शिकायतों, सोशल मीडिया पर हो रहे विरोध और गिरती बाजार हिस्सेदारी का सामना करना पड़ा है। Ather, Bajaj, Ampere, Hero MotoCorp और TVS Motor Company जैसी कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा बढ़ती जा रही है। ये कंपनियां अनुसंधान और विकास में भारी निवेश कर रही हैं और लगातार अपना विस्तार कर रही हैं।

घाटा बढ़ा, कमाई घटी

Ola इलेक्ट्रिक का घाटा दिसंबर तिमाही (Q3 FY25) में 50% बढ़कर 564 करोड़ रुपए हो गया, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 376 करोड़ रुपए था। सितंबर 2024 तिमाही में कंपनी का शुद्ध घाटा 495 करोड़ रुपए था।

ऑपरेशनल रेवेन्यू में भी गिरावट आई है। Q3FY25 में कंपनी की आय 1,045 करोड़ रुपए रही, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 1,296 करोड़ रुपए थी। यानी सालाना आधार (YoY) पर 19.36% की गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी का कहना है कि उसका लाभ की ओर बढ़ने का रास्ता ग्रॉस मार्जिन में सुधार, ऑपरेटिंग कॉस्ट के ऑप्टिमाइजेशन और उत्पाद श्रेणी के विस्तार से होकर जाएगा। इसके अलावा, कंपनी टेक्नोलॉजी लीडरशिप के जरिए बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की योजना बना रही है।

बाजार हिस्सेदारी में गिरावट

सरकारी वाहन पंजीकरण डेटा के मुताबिक, Bajaj ऑटो ने दिसंबर 2024 में Ola इलेक्ट्रिक को पीछे छोड़ दिया और इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में मार्केट लीडर बन गया। इससे Ola इलेक्ट्रिक तीसरे स्थान पर खिसक गई, जबकि TVS मोटर दूसरे स्थान पर आ गई।

हालांकि, Ola इलेक्ट्रिक का दावा है कि फरवरी 2025 में उसने 25,000 से ज्यादा यूनिट बेची, जिससे EV टू-व्हीलर (2W) सेगमेंट में उसकी बाजार हिस्सेदारी 28% से अधिक हो गई। कंपनी ने कहा कि उसकी बिक्री मजबूत S1 पोर्टफोलियो और 4,000 से अधिक सेल्स-एंड-सर्विस स्टोर्स के नेटवर्क से बढ़ी है। इसके अलावा, कंपनी का कहना है कि अब उसे शहरी बाजारों के अलावा टियर-3 और टियर-4 शहरों से भी अच्छी मांग मिल रही है।

First Published : March 3, 2025 | 7:53 PM IST