Representative Image
एआई आधारित क्लाउड सेवा प्रदाता नेयसा इक्विटी और ऋण के माध्यम से कुल 1.2 अरब डॉलर जुटा रही है। ब्लैकस्टोन से संबद्ध निजी इक्विटी फंडों और सह-निवेशकों ने इक्विटी पूंजी के माध्यम से इसमें 60 करोड़ डॉलर का निवेश किया है। इस इक्विटी निवेश के आधार पर, नेयसा ऋण वित्तपोषण के माध्यम से अतिरिक्त 60 करोड़ डॉलर की रकम जुटाएगी।
कोष जुटाए जाने से जुड़ी प्रक्रिया में भाग लेने वाले अन्य निवेशकों में टीचर्स’ वेंचर ग्रोथ, टीवीएस कैपिटल, 360 वन ऐसेट्स और नेक्सस वेंचर्स शामिल हैं। फर्म के मूल्यांकन को साझा नहीं किया गया। नेयसा भारत में तेजी से बढ़ने वाला एआई एक्सेलरेशन क्लाउड प्लेटफॉर्म है जो उद्यमों और सरकारी संस्थाओं को मिशन-क्रिटिकल समाधान मुहैया कराता है। कंपनी को इंडियाएआई मिशन द्वारा अपने अनुमोदित क्लाउड सेवा प्रदाताओं में से एक के रूप में चुना गया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह फंडिंग भारत में 20,000 से अधिक जीपीयू के नेयसा के नियोजित विस्तार और तैनाती के लिए एक ठोस प्रोत्साहन प्रदान करती है, जिससे देश की एआई क्रांति को सक्षम बनाने में मदद मिलेगी।
नेयसा के सह-संस्थापक और मुख्य कार्य अधिकारी शरद सांघी ने कहा, ‘भारत की एआई महत्त्वाकांक्षा को बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन ग्रेड इन्फ्रास्ट्रक्चर बनाने और चलाने की जरूरत है। नेयसा, इंडियाएआई मिशन के लक्ष्यों के हिसाब से सॉवरेन कंप्यूट की एग्जीक्यूशन लेयर और एआई रिसर्च इनेबलमेंट और अपनाने पर फोकस कर रही है।’ नेयसा ने अब तक 5 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। वर्ष 2024 में फर्म ने मैट्रिक्स पार्टनर्स इंडिया, नेक्सस वेंचर पार्टनर्स और एनटीटीवीसी के नेतृत्त्व में सीड फंडिंग में 2 करोड़ डॉलर जुटाए थे। अक्टूबर 2024 में, फर्म ने फिर से सीरीज ए में 3 करोड़ डॉलर की रकम जुटाई। बीएस