भारत

AI Impact Summit 2026: CBSE बोर्ड परीक्षा के बीच दिल्ली में AI सम्मेलन, ट्रैफिक को लेकर दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

AI Impact Summit: यह सम्मेलन दिल्ली के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण आयोजन है, ऐसे में सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 16, 2026 | 11:34 AM IST

AI Impact Summit 2026: राजधानी दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित हो रहे एआई शिखर सम्मेलन 2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कृत्रिम मेधा सम्मेलन में 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

इस आयोजन के साथ ही 17 फरवरी से CBSE बोर्ड परीक्षाएं 2026 भी शुरू हो रही हैं, जिसके चलते दिल्ली पुलिस ने छात्रों की सुविधा के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के बीच संतुलन बनाते हुए आम जनता और परीक्षार्थियों को न्यूनतम असुविधा हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

भारत मंडपम समेत कई इलाकों में हाई सिक्योरिटी

India AI Impact Summit 2026 का मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम है। यहां और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस की जिला इकाइयों, विशेष सुरक्षा टीमों, यातायात पुलिस और रिजर्व बलों सहित 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

सम्मेलन स्थल पर प्रवेश केवल क्यूआर कोड आधारित पास के जरिए ही मिलेगा। बिना अधिकृत पास के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष कंट्रोल और कोऑर्डिनेशन सेल भी बनाया गया है।

यह भी पढ़ें: AI Impact Summit 2026: दिल्ली में आज से वैश्विक एआई महाकुंभ, दुनिया की नजर भारत पर; जानें पूरा शेड्यूल

किन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार नई दिल्ली जिला और उसके आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर समय समय पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इनमें मथुरा रोड, सरदार पटेल मार्ग, जनपथ, अकबर रोड और शांति पथ प्रमुख हैं।

भैरों मार्ग और मथुरा रोड के कुछ हिस्सों में वीआईपी मूवमेंट के दौरान अस्थायी पाबंदियां लागू की जा सकती हैं। करीब 5 हजार यातायातकर्मियों को ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए तैनात किया गया है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए वीआईपी रूट पर एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी।

CBSE बोर्ड परीक्षा 2026: छात्रों के लिए विशेष इंतजाम

17 फरवरी से शुरू हो रही Central Board of Secondary Education की बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए सभी जिलों के पुलिसकर्मियों को परीक्षा केंद्रों पर विशेष सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।

वीआईपी रूट पर स्थित स्कूलों के आसपास ट्रैफिक का अलग से प्रबंधन किया जाएगा ताकि छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो। पुलिस ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे परीक्षा के दिन अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखें।

मेट्रो सेवाएं रहेंगी सामान्य

दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। हालांकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान बसों और टैक्सियों के रूट में बदलाव संभव है। आम नागरिकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग पहले से चिन्हित कर लिए गए हैं।

दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से तैयार करें, व्यस्त समय में अतिरिक्त समय रखें और आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी ट्रैफिक अपडेट को फॉलो करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को किसी भी परिस्थिति में नहीं रोका जाएगा।

-भाषा इनपुट के साथ

First Published : February 16, 2026 | 11:34 AM IST