टेक-ऑटो

AI ट्रांसफॉर्मेशन में भारत सबसे आगे: पीएम मोदी

India AI Impact Expo 2026: पीएम मोदी का यह बयान ऐसे दिन आया है जब वह यहां भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करने वाले हैं।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 16, 2026 | 11:09 AM IST

India AI Impact Expo 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बदलाव में सबसे आगे है और AI में भारत की प्रगति में महत्वाकांक्षा के साथ-साथ जिम्मेदारी भी दिखती है। उनकी यह टिप्पणी ऐसे दिन आई है जब वह यहां भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करने वाले हैं।

इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होगा। इसके साथ ही भारत मंडपम में ही इंडिया AI इम्पैक्ट समिट भी होगा।

पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, “AI पर चर्चा के लिए दुनिया को एक साथ लाना! आज से भारत दिल्ली के भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट समिट की मेजबानी कर रहा है। मैं दुनिया भर से आए विश्व नेताओं, उद्योग जगत के प्रमुखों, नवोन्मेषकों, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं और टेक उत्साही लोगों का इस समिट में गर्मजोशी से स्वागत करता हूं।”

उन्होंने बताया कि समिट की थीम “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” है, यानी सबके कल्याण और सबकी खुशी के लिए। यह मानव-केंद्रित प्रगति के लिए AI का उपयोग करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

मोदी ने कहा कि आज AI कई क्षेत्रों को बदल रहा है, जिनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, शासन और उद्योग शामिल हैं। AI इम्पैक्ट समिट AI के अलग-अलग पहलुओं पर वैश्विक चर्चा को समृद्ध करेगा, जैसेकि नवाचार, सहयोग, जिम्मेदार उपयोग और अन्य विषय।

समिट के नतीजे देंगे भविष्य को आकार

प्रधानमंत्री ने कहा, “मुझे भरोसा है कि समिट के नतीजे एक ऐसे भविष्य को आकार देंगे जो प्रगतिशील, नवोन्मेषी और अवसरों से भरपूर होगा।” उन्होंने कहा कि भारत के 1.4 अरब लोगों की वजह से हमारा देश AI बदलाव में सबसे आगे है। डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम और अत्याधुनिक शोध तक, AI में हमारी प्रगति में महत्वाकांक्षा और जिम्मेदारी दोनों दिखाई देती हैं।

प्रधानमंत्री ने रविवार को भारत को डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और AI के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में पेश किया था। उन्होंने कहा कि देश दुनिया का डेटा होस्ट करने और टेक्नोलॉजी क्रांति की अगली लहर का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।

टैक्स इंसेंटिव से सेक्टर को मिलेगा बूस्ट

न्यूज एजेंसी PTI को दिए एक विशेष इंटरव्यू में मोदी ने कहा कि बजट में घोषित टैक्स इंसेंटिव इस क्षेत्र में निवेश को तेज करने, उन्नत सुविधाएं बनाने की लागत घटाने और भारत को डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धी डे​स्टिनेशन बनाने के लिए तैयार किए गए हैं। उन्होंने एक मजबूत वैश्विक संदेश देते हुए कहा कि हम दुनिया के पूरे डेटा को भारत में रहने के लिए आमंत्रित करते हैं!

इनपुट: पीटीआई

First Published : February 16, 2026 | 11:06 AM IST