कंपनियां

महिंद्रा के इंडस्ट्रियल पार्क में एयर कंडीशनर बनाने का प्लांट लगाएगी मित्सुबिशी

Published by
भाषा
Last Updated- April 17, 2023 | 5:12 PM IST

मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक चेन्नई में महिंद्रा वर्ल्ड सिटी डेवलपर्स के इंडस्ट्रियल पार्क में 22.2 करोड़ डॉलर के निवेश से एयर कंडीशनर और कम्प्रेसर बनाने का कारखाना लगाएगी।

महिंद्रा लाइफस्पेस डेवलपर्स ने सोमवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा, ‘यह नया कारखाना भारत में मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक की पहली एयर कंडीशनर और कम्प्रेसर मैन्युफैक्चरिंग सुविधा होगी। यह प्लांट घरेलू बाजार में एयर कंडीशनर की बढ़ती मांग को पूरा करेगा। अक्टूबर 2025 तक इसके चालू होने की उम्मीद है।’

महिंद्रा इंडस्ट्रियल पार्क चेन्नई लिमिटेड (MIPCL), महिंद्रा वर्ल्ड सिटी डेवलपर्स लिमिटेड और जापान के सुमितोमो कॉरपोरेशन के बीच एक संयुक्त उद्यम है।

इसमें कहा गया है कि महिंद्रा वर्ल्ड ने बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण विनिर्माता मित्सुबिशी इलेक्ट्रिक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ अपने चेन्नई में एयर कंडीशनर और कम्प्रेसर कारखाना की स्थापना के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। कारखाना स्थापित करने के लिए इसने अपने इंडस्ट्रियल पार्क में 52 एकड़ की जमीन दी है।

First Published : April 17, 2023 | 5:12 PM IST